Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

बिजली और पेयजल समेत जनसमस्याओं पर छायी रही बीडीसी की बैठक


शिवेश शुक्ला 
 प्रतापगढ़। लालगंज ब्लाक सभागार मे सोमवार को वित्तीय वर्ष 2018-19 की त्रैमासिक बैठक गांव के विकास एवं स्वच्छ परिवेश के संकल्प के साथ ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह ददन की अध्यक्षता मे सम्पन्न हुई। बैठक मे सदस्यों द्वारा गर्मी के महीने मे विद्युत रोस्टर मे लोकल फाल्ट तथा जर्जर तारों से आपूर्ति मे बाधा व गांवो मे इण्डिया मार्का हैण्डपम्पों के रिबोर व मरम्मत का मुददा गर्मजोशी से छाया दिखा। हालांकि प्रारंभ मे पूर्व प्रमुख एवं सदस्य रमेश प्रताप सिंह द्वारा बैठक मे प्रधान एवं बीडीसी के प्रतिनिधियों द्वारा हिस्सा लेने को लेकर आपत्ति जताई गयी।
प्रधान संघ के अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी एवं अन्य कई सदस्यों द्वारा इस मुददे को लेकर नोंकझोंक भी दिखी। प्रधानों व बीडीसी सदस्यों द्वारा सदन के संचालन मे परम्परा का भी हवाला देते रमेश के तर्क का जमकर विरोध दिखा। अधिकांश प्रधानों व बीडीसी सदस्यों के इस मुददे पर नाराजगी को देखते पूर्व प्रमुख रमेश प्रताप सिंह थोडी देर बाद सदन से बाहर चले गये। इस बीच बैठक मे कहासुनी की सूचना पाकर कोतवाल तुषार दत्त त्यागी भी भारी फोर्स के साथ ब्लाक मुख्यालय पहुंच गये। कोतवाल के पहुंचने पर बैठक सुचारू देख वह एक दरोगा को कुछ सिपाहियों के साथ कैम्पस मे तैनात कर चले गये। बैठक को संबोधित करते हुए ब्लाक प्रमुख सुरेंद्र सिंह ददन ने कहा कि वह पंचायत प्रतिनिधियों के सहयोग से स्थानीय विकासखण्ड के विकास कार्यो को तेजी से संचालित करते हुए लालगंज ब्लाक को भी विकास का मॉडल बनाने को संकल्पबद्ध है। प्रमुख सुरेंद्र ने सभी प्रधानों एवं बीडीसी सदस्यों से एकजुटता के साथ गांव के विकास मे पारदर्शिता तथा जनता को सुविधाओ के लिए अपनी जिम्मेदारी पर खरा उतरने की बात कही। क्षेत्रीय विधायक आराधना मिश्रा मोना के प्रतिनिधि भगवती प्रसाद तिवारी ने पंचायत प्रतिनिधियों को प्रत्येक गांव के विकास मे विधायक मोना की ओर से भरपूर सहयोग दिये जाने का भरोसा दिलाया। इसके पहले प्रधान संघ के अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी द्वारा नये प्रमुख सुरेंद्र के स्वागत का प्रस्ताव रखा गया। जिसका सदस्यों ने करतल ध्वनि से समर्थन करते हुए नये प्रमुख को रचनात्मक सहयोग का भरोसा दिलाया। प्रधान संघ के उपाध्यक्ष बृजेश द्विवेदी ने स्वच्छता कार्यक्रम के तहत शौचालय निर्माण मे प्रत्येक शौचालय के मद मे दो हजार रूपये न दिये जाने तथा गांवों मे शौचालय आवंटन मे बराबरी का मानक न रखने का भी सवाल उठाया। इस पर एडीओ पंचायत बाबूलाल पाण्डेय से कुछ प्रधानों की नोंकझोंक भी हो गयी। एसडीओ विद्युत एसपी शुक्ला ने गांव मे खराब पड़े ट्रांसफार्मर को शीघ्र ठीक कराये जाने व बिजली आपूर्ति मे सुधार का भरोसा दिलाया। सदन मे आगामी सत्रह से बीस अप्रैल तक स्वच्छता अभियान को सफल बनाने का संकल्प जताया। बैठक मे क्षेत्र पंचायत की विभिन्न समितियों का भी सदस्यों ने सर्वसम्मति से चयन किया। पेयजल योजना के तहत हैण्डपम्पों को चार दिनों के भीतर रिबोर तथा दो दिन के अंदर मरम्मत का भी निर्णय लिया गया। बैठक मे प्रधान संघ अध्यक्ष रमाशंकर तिवारी द्वारा जिला एवं तहसील स्तर के अनेक अधिकारियों की अनुपस्थिति पर आक्रोश जताते हुए बीडीओ को इनके स्पष्टीकरण लिये जाने का भी प्रस्ताव रखा। जिसे सदस्यों ने सर्वसम्मति से पारित किया। स्वास्थ्य विभाग की ओर से डा. पंचदेव ने मस्तिष्क ज्वर के अभियान के बारे मे विस्तृत जानकारी दी। खण्ड शिक्षा अधिकारी रिजवान अहमद ने सर्व शिक्षा अभियान पर प्रकाश डाला। बैठक का संचालन सचिव/बीडीओ कुसुमलता ने किया। आभार प्रदर्शन एडीओ केडी शुक्ल द्वारा किया गया। इस मौके पर प्रभारी सीडीपीओ इंद्रकली, धीरज पाण्डेय, अजय शुक्ल गुडडू, जीतेन्द्र सिंह, कुसुम सिंह, राजू पाण्डेय, भइयाराम तिवारी, शिवकली, राजपती, अवधेश सिंह, श्याम नारायण सिंह, हियात, संतोष सिंह, गौरव सिंह, पारसनाथ शुक्ल, उर्मिला पाण्डेय आदि ने विभिन्न विकास योजनाओं से जुडी चर्चा मे भाग लिया। बैठक का समापन अमावां से बीडीसी सदस्य रहे धीरेन्द्र सिंह के आकस्मिक निधन पर शोक प्रस्ताव के तहत सदस्यों के मौन धारण से हुआ दिखा।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे