अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर के इंडो नेपाल सीमा पर तैनात सशस्त्र सीमा बल नवीं वाहिनी द्वारा सोमवार को सीमावर्ती गांवों में पशु चिकित्सा शिविर के आयोजन किया गया ।
06 अप्रैल को सशस्त्र सीमा बल नवीं वाहिनी के कार्यक्षेत्र अंतर्गत सीमा चौकी खंगरा नाका के अधीन सीमावर्ती गांव भटपुरवा चेतिया एवं वाइब्रेंट गांव लम्बी कोहल में पशु चिकित्सा शिविर का सफलतापूर्वक आयोजन किया गया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य सीमावर्ती क्षेत्र के पशुपालकों को उनके पशुओं हेतु बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराना तथा पशुधन के संरक्षण एवं संवर्धन के प्रति जागरूक करना । शिविर में डॉ. महिमा शिवहरे, सहायक कमांडेंट (पशु चिकित्सा), 9वीं वाहिनी द्वारा पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण किया गया। इस दौरान विभिन्न पशु रोगों के संबंध में आवश्यक जानकारी प्रदान करते हुए उपचार हेतु दवाइयों का निःशुल्क वितरण किया गया। साथ ही पशुपालकों को पशुओं की समुचित देखभाल, संतुलित पोषण एवं समय-समय पर टीकाकरण के महत्व के प्रति जागरूक किया गया। शिविर के दौरान कुल 36 लाभार्थियों के 329 पशुओं का स्वास्थ्य परीक्षण एवं उपचार किया गया, जिससे स्थानीय पशुपालकों को प्रत्यक्ष लाभ प्राप्त हुआ। ग्रामीणों द्वारा इस सराहनीय पहल हेतु सशस्त्र सीमा बल के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा इस प्रकार के शिविरों को अत्यंत उपयोगी बताया गया। यह कार्यक्रम सीमावर्ती क्षेत्रों में जनकल्याण एवं जनसहभागिता को सुदृढ़ करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। इस अवसर पर ग्राम प्रधान फूलचंद भी उपस्थित रहे ।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ