अखिलेश्वर तिवारी
जनपद बलरामपुर में अखिल भारतीय वनवासी कल्याण आश्रम सेवा समर्पण संस्थान की ओर से संचालित महाराणा प्रताप वनवासी छात्रावास के पदाधिकारियों व सदस्यों की आवश्यक बैठक सोमवार की देर शाम रमनापार्क कैम्प कार्यालय पर आयोजित की गई। इस दौरान महिला विंग की जिला कार्यकारिणी के साथ साथ उतरौला तहसील के कार्यकारिणी का भी गठन किया गया।
6 अप्रैल को आयोजित बैठक का शुभारंभ समिति के वरिष्ठ सदस्य व कार्यक्रम अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह, समिति की संरक्षक डॉ कौशल्या गुप्ता, जिलाध्यक्ष डॉ राजीव रंजन, महामंत्री इंदु भूषण जायसवाल व विभाग संगठन मंत्री सचिन जी ने दीप प्रज्वलित एवं मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम के चित्र पर माल्यार्पण करके किया।
जिलाध्यक्ष डॉ राजीव रंजन ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि वनवासी छात्रावासों की स्थापना का मुख्य उद्देश्य सुदूर ग्रामीण और आदिवासी क्षेत्रों के मेधावी बच्चों को शिक्षा, आवास, पौष्टिक भोजन और संस्कारित वातावरण प्रदान करना है। ये छात्रावास वनवासी समाज के बच्चों के शैक्षिक, सामाजिक, सांस्कृतिक और सर्वांगीण विकास के माध्यम से उन्हें राष्ट्र की मुख्यधारा से जोड़ना है। उन्होंने नए पदाधिकारियों को बधाई देते हुए आशा व्यक्त की कि इनके नेतृत्व में वनवासी छात्रावास की प्रगति में और भी तेजी आयेगी। महामंत्री इंदुभूषण जायसवाल ने नवीन कार्यकारिणी के पदाधिकारियों के नाम की घोषणा की और उनका संक्षिप्त परिचय दिया। उपाध्यक्ष रमेश पहवा ने सभी के प्रति आभार व्यक्त किया।
इस दौरान समाजसेवी व सेवानिवृत्त शिक्षिका डॉ साधना श्रीवास्तव को उनके योगदान के लिए अंगवस्त्र व स्मृति चिन्ह प्रदान कर सम्मानित किया गया। वहीं महिला समिति व उतरौला इकाई का गठन किया गया। महिला समिति में आद्या सिंह को विभाग महिला कार्य प्रमुख व साधना श्रीवास्तव को महिला कार्य प्रमुख की जिम्मेदारी दी गई, जबकि साधना पाण्डेय को महामंत्री, शालिनी सिंह को मंत्री तथा ममता पहवा, कनक लता सिंह व रेखा सिंह को उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी सौंपी गई। उतरौला तहसील की नवगठित इकाई में रमाकांत जायसवाल को अध्यक्ष व रामजी को संयोजक, गोपाल जी को महामंत्री व श्याम जी कौशल को मंत्री तथा अरुण कुमार व महेश कुमार जायसवाल को उपाध्यक्ष पद की जिम्मेदारी दी गई है। इस अवसर पर डॉ एम पी तिवारी, हरिवंश सिंह, मंगल बाबू, जय सिंह, डॉ राजन सिंह, लेफ्टिनेंट डॉ देवेन्द्र कुमार चौहान, रामकुमार मिश्र, डॉ सतीश सिंह, डॉ लवकुश पाण्डेय, रवि मिश्र, बी डी जायसवाल व हरेन्द्र पाण्डेय सहित कई लोग मौजूद रहे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ