सुनील उपाध्याय
बस्ती: कलवारी थाना क्षेत्र में शनिवार की देर रात डॉ. आंबेडकर प्रतिमा को लगाने एवं हटाने और एक अन्य मामले में रविवार को जमीन कब्जेदारी को लेकर जमकर बवाल हुआ। महिलाओं को आगे कर की गई पत्थरबाजी में यूपी 100 डायल गाड़ी का शीशा टूट तो इंस्पेक्टर कलवारी शिवाकांत मिश्रा के सिर में चोट लग गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया तो दोनों मामलों में गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
कलवारी थाना क्षेत्र के गाना में शनिवार की देर रात डॉ. आंबेडकर की प्रतिमा को रखने को लेकर हुए बवाल की सूचना पर पहुंचे एसओ कलवारी शिवाकांत मिश्रा को बीच-बचाव के दौरान काफी विरोध झेलना पड़ा। विवाद बढ़ता देख पुलिस प्रतिमा को हटाने लगी तो महिलाओं ने ईंट-पत्थर चलाना शुरू कर दिया। हमले में थानेदार सहित कई पुलिस वाले चोटिल हो गए।
बावजूद पुलिस कर्मियों ने किसी तरह प्रतिमा को गाड़ी में रखा और विवाद को पूरी तरह शांत कराया। आधा दर्जन लोगों को गिरफ्तार कर लिया गया। रविवार को एएसपी एनके सिंह भी गांव में पहुंचे। उन्होंने कहा कि कानून व्यवस्था किसी को भी हाथ में लेने की छूट नहीं दी जाएगी। प्रकरण में छह नामजद व अन्य अज्ञात के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर तफ्तीश की जा रही है।
वहीं रविवार को कलवारी थाना क्षेत्र के गायघाट में जमीन कब्जेदारी को लेकर जमकर बवाल हुआ। सूचना पर यूपी 100 की टीम पहुंची। हंगामा रहे मनबढ़ों को पुलिस ने पकड़ना चाहा तो पुलिस की गाड़ी में ही तोड़फोड़ कर फरार हो गए। इस पूरे घटनाक्रम में पुलिस असहाय बनी रही। जब तक थाने से फोर्स पहुंचती, बवाल कर रहे युवक भाग चुके थे।
पुलिस टीम पर हमले की खबर मिलते ही एएसपी नरेन्द्र कुमार सिंह, सीओ कलवारी अरविन्द कुमार वर्मा, थानेदार शिवाकांत मिश्रा फोर्स के साथ गायघाट पहुंच गए। एएसपी ने बताया कि बवाल करने वालों को चिह्नित कर उनकी धरपकड़ के लिए पुलिस टीम लग गई है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ