जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय पर स्थापित कन्ट्रोल रूम का नम्बर 05362-240203
खुर्शीद खान
सुलतानपुर। जिलाधिकारी विवेक ने कहा कि आगामी रमजान माह में नगर में विद्युत, पेयजल तथा सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जायेगी। उन्होंने कहा कि नगर पालिका द्वारा रमजान माह में दोनों पालियों में सफाई का कार्य किया जायेगा। जिलाधिकारी आज कलेक्ट्रेट में आगामी रमजान माह के सम्बन्ध में कानून व्यवस्था सम्बन्धी बैठक को सम्बोधित कर रहे थे।
जिलाधिकारी ने कहा कि गर्व की बात है कि सुलतानपुर जनपद में जो आपसी सौहार्द का वातावरण है वह बहुत कम जिलों में देखने को मिलता है। उन्होंने सभी अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि रमजान का पवित्र महीना शुरू हो रहा है। सभी अधिकारी पूरी गम्भीरता व संवेदनशीलता के साथ कानून व्यवस्था को बनाये रखने में अपने दायित्वों का निर्वहन करें तथा समस्या का तत्काल निराकरण करायें। उन्होंने अन्नू चौराह (खैराबाद) से दरियापुर रोड को यथाशीघ्र बनवाने तथा कतिपय सड़कों पर खुले मेनहोल को ठीक कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने नगर पालिका को नगर की सड़कों एवं नालियों की समुचित सफाई व पेयजल की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
जिलाधिकारी ने बताया कि जिलाधिकारी कैम्प कार्यालय पर कन्ट्रोल रूम स्थापित किया गया है। जिसका नम्बर 05362-240203 है, जो चौबीस घण्टे कार्यरत रहेगा। उन्होंने कन्ट्रोल रूम में एक रजिस्टर रखने के भी निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने विद्युत विभाग के अभियन्ता को निर्देशित किया कि विद्युत की शिकायत को गम्भीरता से लेते हुए त्वरित कार्यवाही की जाय तथा एई व जेर्ड की बैठक कर उन्हें निर्देशित किया जाय कि वे उपभोक्ताओं के टेलीफोन अनिवार्य रूप से उठायें और उनकी समस्या का निस्तारण करें। जिलाधिकारी ने डीपीआरओ को अमहट (गोराबारिक) में नियमित सफाईकर्मी की तैनाती के साथ ग्रामीण क्षेत्रों में नमाज स्थलों पर समुचित सफाई की व्यवस्था सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए। बैठक में पुलिस अधीक्षक अमित वर्मा ने कहा कि रमजान माह में पुलिस की समुचित व्यवस्था रहेगी तथा समय-समय पर पूर्व की भांति ट्रैफिक डायवर्जन भी किया जायेगा। उन्होंने कहा कि सुलतानपुर जिले के लोगों का आपस में अच्छा सामन्जस्य है। सभी के सहयोग से आगामी रमजान माह व ईद का पर्व सकुशल सम्पन्न होगा। इस अवसर पर मौलाना लतीफ साहब, मौलाना उस्मान साहब, मौलाना कसीम साहब, डॉ नैय्यर रजा जैदी, अपराध निरोधक समिति के अमर बहादुर सिंह ने अपने महत्वपूर्ण सुझाव दिए। बैठक में अपर जिलाधिकारी (वि.रा.) अमरनाथ राय, अपर जिलाधिकारी प्रशासन बीडी सिंह, डीडीसी लवकुश त्रिपाठी, अपर पुलिस अधीक्षक सिटी डॉ. मीनाक्षी कात्यायन, अपर पुलिस अधीक्षक सूर्यकांत त्रिपाठी, उपजिलाधिकारी सलिल कुमार पटेल, क्षेत्राधिकारी नगर श्यामेदव, जिला सूचना अधिकारी आर.बी.सिंह, समाजसेवी, अलीमुद्दीन, इलियास आदि उपस्थित थे।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ