शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ । जिलाधिकारी शम्भु कुमार की अध्यक्षता में सोमवार को विकास भवन सभागार में शासन के नवीन विकास प्राथमिकता वाले 61 बिन्दु कार्यक्रमों की समीक्षा बैठक की गयी। जल निगम की समीक्षा में कार्यालय के सरकारी अभिलेख गायब होने पर अधिशासी अभियन्ता द्वारा एफ0आई0आर0 न दर्ज कराये जाने पर जिलाधिकारी ने अधिशासी अभियन्ता जल निगम को कड़ी फटकार लगायी एवं चेतावनी देते हुये कहा कि यदि सम्बन्धित के विरूद्ध प्राथमिकी दर्ज की कार्यवाही नही की जाती है तो अधिशासी अभियन्ता जल निगम के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की कार्यवाही की जायेगी। उन्होने कहा कि इस प्रक्रिया को 02 दिन के अन्दर पूर्ण करा लिया जाये। जिलाधिकारी ने जिला विकास अधिकारी को निर्देशित किया कि ग्राम प्रधान, सेक्रेटरी के साथ सप्ताह में एक बैठक कर लें एवं जनपद में संचालित जो भी पेयजल परियोजनायें है उसका निरीक्षण कर लिया जाये निरीक्षण में जो भी पेयजल परियोजना खराब स्थिति में पायी जाये उस परियोजना से सम्बन्धित दोषी के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करायी जाये। उन्होने कहा कि जो पेयजल परियोजनायें विद्युत कनेक्शन के अभाव में संचालित नही हो रही है वहां पर विद्युत कनेक्शन तत्काल करा दिया जाये जिससे पानी की सप्लाई प्रारम्भ हो सके। बैठक में जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि शासन द्वारा जो भी विभिन्न योजनायें चलायी जा रही उनको ससमय एवं गुणवत्तापूर्ण तरीके से सम्पन्न कराया जाये।बैठक में खाद्य सुरक्षा के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी तो उसके प्रगति की स्थिति ठीक पायी गयी। नगर पालिका परिषद बेल्हा की समीक्षा में जिलाधिकारी ने अधिशासी अधिकारी नगर पालिका परिषद बेल्हा के प्रतिनिधि को निर्देशित किया कि जहां पर एल0ई0डी0 लाइट खराब की स्थिति में है उनकी मरम्मत करा ली जाये। जिलाधिकारी ने प्रधानमंत्री आवास (ग्रामीण एवं शहरी) की समीक्षा में कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना अन्तर्गत जनपद के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में जो भी आवास निर्माण कार्य चल रहा है उन्हें प्राथमिकता के आधार पर यथाशीघ्र पूर्ण करा लिया जाये। कृषि विभाग की समीक्षा में जिला कृषि अधिकारी ने बताया कि शासन के निर्देश के क्रम में जुलाई माह के प्रथम सप्ताह 01 जुलाई से 07 जुलाई तक मृदा स्वास्थ्य कार्ड का वितरण कैम्प लगाकर किया जायेगा तथा 06 जुलाई से 20 जुलाई तक कैम्प लगाकर मृदा स्वास्थ्य कार्ड के सम्बन्ध में प्रचार प्रसार किया जायेगा।समीक्षा में लोक निर्माण विभाग, विद्युत विभाग, सेतु निर्माण, शिक्षा विभाग आदि के सम्बन्ध में चर्चा की गयी। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी राजकमल यादव सहित समस्त जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ