अखिलेश्वर तिवारी/रामपाल यादव
बलरामपुर गैसड़ी ।कोतवाली गैसड़ी क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम परसा पलईडीह मे 13 वर्षीय बालक हाई वोल्टेज करंट के चपेट मे आकर बुरी तरह से झुलस गया जिससे उसकी घटनास्थल पर ही मौत हो गयी । मिली जानकारी के अनुसार कोतवाली गैसड़ी के अंतर्गत ग्राम परसा पलईडीह निवासी पवन कुमार (13) पुत्र रामजस अपने जानवर को खोलने के लिए घर के पीछे बगीचे मे गया था । जिस पेड़ में गाय बंधी हुई थी उस पेड़ के ऊपर से 33 केवी के तार गुजर रहा है जिसमें सप्लाई चालू थी । जानवर खोलते समय अचानक पेड़ पर करंट उतर आया और पवन कुमार करंट की चपेट में आ गया जिससे घटनास्थल पर ही मौत हो गई । घटना की सूचना पाकर स्थानीय कोतवाली की पुलिस टीम घटनास्थल पर पहुंच गई और घटना की जांच पड़ताल करते हुए शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया । इस मौके पर एस आई विपुल कुमार पांडे , दिनेश कुमार सिंह व कांस्टेबल राजेश्वर कुमार सहित अन्य लोग मौजूद रहे । लोगों का आरोप है कि बिजली विभाग की लापरवाही से यह घटना घटित हुई है । इतने हाई वोल्टेज लाइनें अगर पेड़ों से टकराती हुई गुजर रही हैं तो उसके लिए बिजली विभाग की जिम्मेदारी बनती है कि वह तार को टच करने वाली पेड़ की डाल को कटवाए जिससे पेड़ों पर करंट का प्रभाव न प्रभाव न आने पाए । ऐसी घटनाएं बरसात के मौसम में अधिक देखने को मिलती हैं जब जमीन में नमी बढ़ जाती है । ऐसे में बिजली विभाग को समय रहते अपनी लाइनों को दुरुस्त कराने की जरूरत है ।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ