राजकुमार शर्मा
बहराईच:-बहराइच गोंडा हाइवे के कोल्हुआ गांव के पास शनिवार की देर किसी तेज रफ्तार वाहन ने बाइक में ठोकर मार दी। जिसके चलते बाइक सवार दोनों युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। मौके पर पहुंची पुलिस ने एम्बुलेंस से दोनों घायलों को आनन फानन में जिला अस्पताल भेजा। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद एक घायल को मृत घोषित कर दिया। दूसरे गंभीर घायल को प्राथमिक इलाज के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। दूसरी ओर हादसा होते ही चालक वाहन सहित फरार हो गया। पयागपुर थाने के बहराइच गोंडा हाइवे पर शनिवार की रात लगभग 9ः45 बजे कोल्हुआ गांव के पास गोंडा की ओर से आ रहे किसी तेज रफ्तार वाहन ने विपरीत दिशा से आ रही बाइक में ठोकर मार दी। जिसके चलते बाइक सवार कोट बाजार निवासी 40 वर्षीय राजकपूर वैश्य उर्फ विष्णु देवा पुत्र शंकर लाल वैश्य व 32 वर्षीय मनीष कुमार गुप्ता पुत्र बाबू लाल गुप्ता गंभीर रूप से घायल हो गये। आसपास के लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी। खुटेहना पुलिस चैकी प्रभारी अखिलेश कुमार मिश्रा पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। आनन फानन में दोनों घायलों को एम्बुलेंस से जिला अस्पताल भेजा गया। चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद राजकपूर वैश्य उर्फ विष्णु देवा को मृत घोषित कर दिया। पुलिस की सूचना पर दोनों युवकों के परिजन जिला अस्पताल पहुंच गये। चिकित्सकों ने गंभीर रूप से घायल मनीष को प्राथमिक इलाज के बाद ट्रामा सेंटर लखनऊ रेफर कर दिया। रविवार की सुबह नगर कोतवाली में तैनात उपनिरीक्षक गोविंद कुमार ने मृतक की लाश को कब्जे में ले कर पोस्टमार्टम कराने के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। राज कपूर वैश्य उर्फ विष्णु देवा पयागपुर के कोट बाजार में बेकरी की दुकान चलाते थे। घटना की सूचना मिलते ही पूरे कोट बाजार में शोक की लहर छा गई। एसओ विधा सागर पांडेय ने बताया कि मृतक के भाई शक्ति की तहरीर पर फरार चालक के विरूद्ध केस दर्ज कराया है। फरार चालक की तलाश की जा रही है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ