अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद में अपराधियों के हौसले इस कदर बुलंद हो गए हैं कि उन्हें पुलिस का जरा सा भी खौफ नहीं रह गया है । जिला मुख्यालय पर गत दिनों दिनदहाड़े फेरी वालों ने कई दुकानों पर लूटपाट की जिसका पर्दाफाश अभी तक नहीं हुआ है ।
इसी बीच दीपावली की शाम थाना ललिया क्षेत्र के धोबहा नाला के पास तीन बाइक सवार बदमाशों ने पिता-पुत्र सर्राफा व्यवसाई को गोली मारकर उनसे रुपयों तथा आभूषणों से भरा बैग लेकर फरार हो गए । घायल पुत्र व पिता को स्थानीय लोगों की मदद से मथुरा बाजार उनके गांव लाया गया जहां पर निजी चिकित्सक से प्राथमिक इलाज कराने के बाद जिला चिकित्सालय भिनगा ले जाया गया और वहां से डॉक्टरों ने हालत गंभीर देखते हुए लखनऊ के लिए रेफर कर दिया । बताया जा रहा है कि लखनऊ के एक अस्पताल में दोनों का इलाज चल रहा है ।
मिली जानकारी के अनुसार थाना ललिया के चौकी मथुरा बाजार क्षेत्र में मथुरा बाजार निवासी सालिकराम सोनी श्रावस्ती जिले के कोतवाली भिनगा क्षेत्र में बंसीहवा चौराहे पर सराफा की दुकान कर रहा है ।
दीपावली के दिन 7 नवंबर की शाम सालिकराम अपने पुत्र बृजेश सोनी के साथ बाइक से दुकान बंद करके अपने गांव मथुरा बाजार आ रहा था । रास्ते में धोबहा नाला पुल के पास बाइक सवार तीन बदमाशों ने ओवरटेक करके उसकी मोटरसाइकिल को रोक लिया और रुकते ही कट्टा से फायर कर दिया । कट्टा से फायर से चली गोली बृजेश तथा सालिकराम को लगी जिससे दोनो गिर गए । गिरने के बाद बृजेश के हाथ में टंगा हुआ रुपयों तथा आभूषणों से भरा बैग लेकर लुटेरे फरार हो गए । घटना की सूचना पुलिस को भी मिली परंतु पुलिस 2 दिनों तक तहरीर आने का इंतजार करती रही ।
अंततः लखनऊ में इलाज करा रहे सालिकराम से तहरीर लेने मथुरा बाजार चौकी प्रभारी विवेक शुक्ला लखनऊ पहुंचे जहां पर सालिकराम ने तहरीर चौकी प्रभारी को दी है । तहरीर में लगभग 6 लाख से ऊपर की लूट बताया गया है जिसमें 20 हजार नकदी, 6 किलो चांदी के आभूषण तथा 150 ग्राम सोने के आभूषण शामिल हैं । इस पूरे मामले पर थाना अध्यक्ष ललिया रामशंकर तिवारी ने बात की गई तो उन्होंने बताया की मथुरा चौकी प्रभारी विवेक शुक्ला को लखनऊ घायलों के पास भेजा गया है उनके सारे परिवार वही हैं ।
वहां से तहरीर प्राप्त कर उसी के आधार पर मुकदमा पंजीकृत किया जाएगा । फिलहाल पूरे मामले की छानबीन शुरू कर दी गई है


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ