सुरेश कुमार तिवारी
मोतीगंज, गोण्डा। मोतीगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह कुत्तों ने एक बंदर पर जानलेवा हमला कर दिया, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गया और बाद में उसकी मौत हो गई।
मिली जानकारी के अनुसार मोतीगंज थाना क्षेत्र के ग्राम भमैचा के मजरा सोनभरिया में मंगलवार की सुबह कहीं से भटकता हुआ एक बंदर आ गया, जिसे देखते ही कुत्तों ने दौड़ा लिया। बंदर को कुत्तों ने चारों ओर से घेर लिया और उस पर हमला कर दिया। कुत्तों ने उसे काट काट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जब गांव वालों ने देखा तो इसकी सूचना यूपी डायल 100 को दी। इसके साथ ही वन विभाग के अधिकारियों को भी सूचना दी गई।
वन विभाग के अधिकारी लगभग 3 घंटे बाद गांव में पहुंचे तब तक घायल बंदर की हालत गंभीर हो चुकी थी। मौके पर पहुंचे क्षेत्रीय वन दरोगा घायल बंदर को तत्काल इलाज के लिए चौकी पर लाए, तब तक बंदर की मौत हो चुकी थी। गांव वालों का कहना है कि अगर समय पर बंदर का इलाज हो जाता तो उसकी जान बच सकती थी। वनरक्षक ने बताया कि चौकी पर बंदर को लाकर डॉक्टर को बुलाया गया, तब तक बंदर की मौत हो चुकी थी, जिसे चौकी के पास ही दफना दिया गया है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ