शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ! दिनदहाड़े असलहे से लैस बदमाशों ने गुरूवार को लालगंज जलेशरगंज हाइवे पर स्टेट बैंक की टाइनी शाखा से दो लाख तीन हजार रूपये की लूट की वारदात को अंजाम दिया। कोतवाली लालगंज की नाक के नीचे टाइनी शाखा मे लूट की वारदात की खबर लगते ही जिले के एसपी देवरंजन वर्मा भी आनन-फानन मे मौके पर पहुंचे और घटनास्थल पर जांच पड़ताल की। घटना दिन मे साढ़े बारह बजे करीब घटित हुई।
कोतवाली क्षेत्र के जैनपुर निवासी प्रतीक पाल टाइनी शाखा संचालक अपने सहयोगी कुलदीप गौतम के साथ टाइनी शाखा बैंक का सामान्य कामकाज निपटा रहे थे। इसी बीच बाइक सवार तीन नकाबपोश टाइनी शाखा के सामने आ पहुंचे। इनमें से एक बदमाश बाइक पर ठहर गया जबकि दूसरा तमंचे से लैस गेट पर जम गया।
तीसरे बदमाश ने टाइनी शाखा के अंदर पहुंचते ही हवाई फायर कर वहां दहशत फैला दी। बदमाश ने टाइनी शाखा की आलमारी मे रखे दो लाख तीन हजार, सौ रूपये उड़ा लिये। इसी बीच बेलहा गांव की एक महिला भी टाइनी शाखा मे रूपया निकालने आई थी। उसने निकाले गये इक्तीस सौ रूपये अपने झोले मे डाल रखा था। बदमाशों ने महिला से झोला भी छीन लिया। इसके बाद बदमाश हवाई फायर करते रफूचक्कर हो गये।
घटना की सूचना मिलते ही कोतवाल अंगदराय मौके पर पहंुचे किंतु पुलिस बदमाशो का कोई सुराग नहीं लगा सकी। दिनदहाड़े टाइनी शाखा मे लाखों की लूट की वारदात से नगर मे हडकम्प मच गया और जलेशरगंज हाईवे के दुकानदार भी सहम गये। एसपी ने कोतवाली पुलिस को घटना को लेकर कड़ी फटकार लगाते हुये शीघ्र ही खुलासे का अल्टीमेटम दिया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ