ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। कहोबा चौराहे से होकर गुजरी चमदई नदी में अचानक एक गाय गिर गई और उसमें बजाज चीनी मिल से निकलने वाली गंदगी भरी होने के कारण गाय फंस गई। जानकारी होने पर चौकी प्रभारी व आरक्षी मौके पर पहुंचे और कई घंटे की मशक्कत के बाद उसे सकुशल बाहर निकालने में कामयाब रहे।
मोतीगंज थाना की कहोबा पुलिस चौकी के बगल से चमदई नदी गुजरी है। बताया जाता है कि पहले इसका जल स्वच्छ और निर्मल रहता था लेकिन जबसे क्षेत्र के कुंदरखी में बजाज चीनी मिल की स्थापना हुई तबसे उसकी सारी गंदगी (कचरा) इसे नदी में बहकर आ रहा है, जिससे ऐतिहासिक चमदई अपना अस्तित्व खोती जा रही है। आलम यह है कि ऊपर से देखने पर ऐसा लगता है जैसे नदी का नामोनिशान मिट गया हो, लेकिन सच यह है कि नदी में नीचे पानी और ऊपर मिल की गंदगी रहती है, जिससे लोग धोखा खा जाते हैं।
अंजान लोग सहज ही अंदाजा नहीं लगा पाते हैं कि इसमें पानी भरा हुआ है। असावधानी तथा अज्ञानता के चलते कई बार लोग हादसों का शिकार होते होते बच गए हैं। ऐसा ही एक वाक्या बुधवार को पेश आया जब एक गाय चारा की तलाश में नदी में गिरकर बुरी तरह फंस गई। इसकी जानकारी होने पर कहोबा चौकी प्रभारी रामचंद्र गौतम, कांस्टेबल राकेश कन्नौजिया आदि तत्काल मौके पर पहुंचे और कुछ ग्रामीणों की मदद से कई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद गाय को सकुशल नदी से निकालने में कामयाब हुए।
कहोबा पुलिस के इस कार्य की स्थानीय लोगों द्वारा प्रशंसा की जा रही है। लोगों का कहना है कि कहोबा पुलिस ने यदि तत्परता दिखाते हुए तत्काल नदी में फंसी गाय को बाहर निकालने का प्रयास न किया होता तो उसे कतई न बचाया जा सकता। कहोबा पुलिस ने एक गाय की जान बचाकर मानवता की मिसाल पेश की है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ