कलेक्ट्रेट हाॅल में अभियान के शुभारम्भ का हुआ सजीव प्रसारण, महिलाओं को मिली सरकार की योजनाओं की जानकारी
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक उत्थान व सरकार की योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने के लिए एक माह तक चलने वाले महिला सशक्तिकरण संकल्प अभियान का शुभारम्भ हो गया है। प्रदेश के मुख्यमंत्री ने अभियान का शुभारम्भ लखनऊ में किया, जिसका सीधा प्रसारण सभी जिलों में किया गया। कलेक्ट्रेट गोण्डा में डीएम की मौजूदगी में जिले के सभी विकास खण्डों से आई हुई महिलाओं को मुख्यमंत्री के संदेश का प्रसारण दिखाया गया।
अभियान के क्रियान्वयन के लिए शासन द्वारा महिला कल्याण विभाग/जिला प्रोबेशन अधिकारी को नोडल विभाग नामित किया गया है जिसकी देखरेख में अभियान का संचालन होगा।
अभियान के शुभारम्भ के दौरान महिलाओं को उनके उत्थान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं जैसे उज्ज्वला योजना, आवास योजना, जन-धन योजना, अहिल्याबाई कन्या निःशुल्क योजना, महिला उत्पीड़न से बचाव के लिए वूमेन हेल्प लाइन पावर टीम का गठन, विधवा पेंशन योजना में आयु की बाध्यता समाप्त करने, स्वच्छ भारत मिशन, कौशल विकास मिशन, प्रधानमत्री मातृत्व लाभ योजना, एन्टी रोमिया स्क्वायड, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी तमाम योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। शासन के निर्देशन में अभियान की रूपरेखा के बारे में जिलािधकारी कैप्टन प्रभान्शु श्रीवास्तव ने बताया कि अभियान का शुभारम्भ 20 नवम्बर को हुआ है, जिसका समापन 20 दिसम्बर को होगा। शुभारम्भ के अवसर पर महिलाओं को मुख्यमंत्री द्वारा सम्बोधित किया गया, जिसका सजीव प्रसारण सभी जिलों में हुआ तथा संकल्प अभियान में लगने वाले अधिकारियों, कर्मचारियों को लाइव प्रशिक्षण भी दिया गया।
अभियान की विस्तृत जानकारी देते हुए डीएम ने बताया कि बाद 27 नवम्बर से 8 दिसम्बर तक महिला सरकारी अधिकारी व कर्मचारी महिला लाभार्थियों के घरों पर जाकर सम्पर्क करेंगी, जिसमें महिला कान्स्टेबल, महिला अध्यापक, आशा बहू, आंगनबाड़ी कार्यकत्री, अस्पताल की महिला कर्मचारी, महिला सफाईकर्मी व अन्य महिलाएं डोर-टू-डोर अभियान के माध्यम से इन लाभार्थियों से बातचीत करेंगी। 09 दिसम्बर से 19 दिसम्बर तक नारी शक्ति शिविरों का आयोजन किया जाएगा जिसमें महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने, स्कूल चलो अभियान के सम्बन्ध में जागरूकता पैदा करने, बाल पुष्टाहार वितरण आयरन की गोलियां बांटने तथा सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित हो रही तमाम योजनाओं की जानकारी दी जाएगी। अभियान का समापन 20 दिसम्बर को नारी स्वावलम्बन सम्मेलन के साथ होगा जिसमें जिला स्तर पर विशाल सम्मेलन होगा। महिलाओं को पम्पलेट, डाक्यूमेन्ट्री फिल्म के माध्यम से सरकार द्वारा महिलाओं के सशक्तीकरण व कार्यक्रमों के बारे में जानकारी दी जाएगी।
इस दौरान एसपी लल्लन सिंह, सीएमओ डॉ. संतोष श्रीवास्तव, जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मधुबाला वर्मा, प्रोबेशन विभाग से आरके यादव, कुबेर राम, जेपी यादव, सहपरीक्षक, बाल संरक्षण अधिकारी किरन निषाद, मनोज कुमार, दीपक दूबे व ब्लाकों से आई महिलाएं उपस्थित रहीं।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ