प्राथमिक विद्यालय रेड़ौरा में कैबिनेट मंत्री ने वितरित किया कम्बल
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। गरीबों, असहायों और कमजोर तबके के लोगों के लिए किए गए कार्य अनुकरणीय होते हैं। इनकी मदद करना पुण्य का काम है। इससे बढ़कर कोई समाजसेवा नहीं हो सकती। यह बात मनकापुर क्षेत्र के विधायक और प्रदेश के कैबिनेट समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री ने सोठिया ग्राम पंचायत के प्राथमिक विद्यालय रेड़ौरा में शुक्रवार को आयोजित कम्बल वितरण समारोह को सम्बोधित करते हुए कही।
सोठिया गांव निवासी वरिष्ठ समाजसेवी ओमप्रकाश पाण्डेय उर्फ पप्पू पांडेय द्वारा आयोजित कम्बल वितरण कार्यक्रम को बतौर मुख्य अतिथि सम्बोधित करते हुए मंत्री रमापति शास्त्री ने कहा कि केन्द्र की नरेंद्र मोदी और प्रदेश की योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व वाली सरकार ने विकास की शुद्ध और सटीक परिभाषा को स्थापित करने का काम किया है। उन्होंने कहा कि गरीबों, शोषितों, दलितों, पिछड़ों के साथ ही सर्वसमाज के हित को ध्यान में रखकर तमाम कल्याणकारी योजनाएं संचालित की गई हैं, जो विकास के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि उज्ज्वला योजना जैसी तमाम महत्वाकांक्षी योजनाओं का लाभ सीधे पात्र गरीब और असहाय व्यक्तियों को मिल रहा है। पिछली गैर भाजपा सरकारों ने विकास योजनाओं की आड़ में सरकारी खजाने को लूटने का काम किया है, लेकिन यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने जाति धर्म से ऊपर उठकर सबका साथ, सबका विकास के उद्देश्य के साथ विकास की नई और ऐतिहासिक इबारत लिखी है। समाज कल्याण मंत्री ने कहा कि योजनाएं पूरी तरह पारदर्शी हैं। यही कारण है कि इनका सीधा लाभ पात्रों को मिल रहा है।
उन्होंने कहा कि पीएम नरेंद्र मोदी तथा सीएम योगी आदित्यनाथ किसानों और गरीबों की समस्याओं को लेकर गंभीर हैं। किसानों की उपज का वाजिब मूल्य दिलाने के साथ ही गन्ना का बकाया भुगतान भी अतिशीघ्र कराने के सख्त निर्देश चीनी मिल मालिकों और जिला प्रशासन को दिए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि यह सरकार विकास करने में विश्वास रखती है ना कि बकवास करने में।
समारोह सम्बोधन के बाद मंत्री रमापति शास्त्री ने गरीबों और असहायों को कम्बल का वितरण किया। इस कार्यक्रम के आयोजक चर्चित समाजसेवी ओमप्रकाश पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय की भूरि भूरि प्रशंसा करते हुए उन्होंने कहा कि पांडेय जी पिछले तीन वर्षों से क्षेत्र के गरीबों और असहाय व्यक्तियों को कम्बल का वितरण करते आ रहे हैं, जो अनुकरणीय कार्य है। इससे बढ़कर कोई दूसरी समाजसेवा नहीं हो सकती। इस दौरान कार्यक्रम के आयोजक ओमप्रकाश पाण्डेय ने अपनी ग्राम पंचायत की सड़क, नाली, खड़ण्जा जैसी जनहित की समस्याओं को मंत्री के समक्ष रखा। इस पर मंत्री रमापति शास्त्री ने अतिशीघ्र समस्याओं के निराकरण का आश्वासन दिया।
इस मौके पर समाजसेवी ओमप्रकाश पाण्डेय उर्फ पप्पू पाण्डेय के अलावा भाजपा नेता व मंत्री के भाई बाबूलाल शास्त्री, मंत्री के पीआरओ वेदप्रकाश दूबे, जनार्दन प्रसाद तिवारी, देव प्रकाश पाण्डेय, तिगड्डा पाण्डेय, अमित पाण्डेय, शिक्षक नेता रंजीत गौतम, विनय पाण्डेय, आदित्य पाण्डेय, शम्भू प्रसाद वर्मा, रामचंद्र गौतम, राम हरख पूर्व प्रधान, माता प्रसाद गौतम के साथ ही मोतीगंज थानाध्यक्ष गोरखनाथ सरोज, एसआई प्रदीप गंगवार तथा बड़ी संख्या में ग्रामवासी मौजूद रहे।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ