विद्यानगर में हुआ क्रिकेट टूर्नामेंट का शानदार आगाज
सीहागांव के नाम रहा उदघाटन मैच, दस ओवर में ही हासिल की जीत
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। खेल हमारे जीवन के लिए संजीवनी हैं। इससे शरीर स्वस्थ रहता है तथा भाईचारा को भी बढ़ावा मिलता है। खेलों से आपसी प्रेम और सौहार्द की नींव मजबूत होती है। ये बातें युवा समाजसेवी मानवेंद्र सिंह मोनू ने कही। वे मोतीगंज क्षेत्र के विद्यानगर में आयोजित वीएनएस क्रिकेट टूर्नामेंट का उदघाटन करने के दौरान वहां मौजूद खिलाड़ियों और दर्शकों को सम्बोधित कर रहे थे।
जिले के मनकापुर विकास खण्ड की ग्राम पंचायत विद्यानगर में जिला स्तरीय क्रिकेट टूर्नामेंट का आयोजन किया गया है। यह खेल वीएनएस क्रिकेट टूर्नामेंट द्वारा कराया जा रहा है। टूर्नामेंट का उदघाटन युवा समाजसेवी मानवेंद्र सिंह उर्फ मोनू सिंह द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि खेल से हमें भाईचारा की सीख मिलती है। इसलिए ऐसे आयोजनों का निरंतर जारी रहना समाज के साथ ही, जिला, प्रदेश और देश के लिए भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण इलाकों में भी प्रतिभाओं की कमी नहीं है। जरूरत है कि इन्हें तराशा जाए। खेल के ऐसे आयोजन छुपी हुई प्रतिभाओं को निखारने और तराशने का काम करते हैं।
उदघाटन मैच मोतीगंज और सीहागांव की टीमों के बीच खेला गया। मुख्य अतिथि मानवेंद्र सिंह व विशिष्ट अतिथि आकाश श्रीवास्तव ने खिलाड़ियों से परिचय प्राप्त किया और दोनों टीमों के कप्तान का हाथ मिलवाकर टूर्नामेंट की औपचारिक शुरूआत की। उदघाटन मैच खेलते हुए मोतीगंज क्रिकेट टीम ने 12 ओवरों में 107 रन बनाए। जवाब में उतरी सीहागांव की टीम ने दमदार पारी खेलते हुए 10 ओवर में ही मैच पर कब्जा कर लिया।
इस मौके पर आकाश श्रीवास्तव, आशीष पाठक, मोहम्मद नफीस के साथ ही खिलाड़ी तथा बड़ी संख्या में दर्शक मौजूद रहे। मैन ऑफ द मैच का पुरस्कार आलोक बाबा ने दिया।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ