महिला सशक्तिकरण संकल्प अभियान का हुआ समापन
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। महिलाओं के सामाजिक, आर्थिक उत्थान व सरकार की योजनाओं की जानकारी महिलाओं तक पहुंचाने के लिए एक माह तक चलने वाले महिला सशक्तिकरण संकल्प अभियान का समापन नगर के बेंकटाचार क्लब में हुआ। जिला पंचायत अध्यक्ष केतकी सिंह, डीएम कैप्टन प्रभान्शु श्रीवास्तव, एसपी आरपी सिंह तथा सीडीओ अशोक कुमार ने अभियान का औपचारिक समापन किया।
बताते चलें कि महिला सशक्तीकरण संकल्प अभियान का शुभारम्भ प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विगत माह लखनऊ में किया था, जिसका सीधा प्रसारण सभी जिलों में किया गया। एक माह चले इस अभियान में जिले के सभी ब्लाकों पर महिला सशक्तीकरण कार्यक्रमों का आयोजन किया गया, जिसमें महिलाओं के सशक्तीकरण के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं की जानकारी दी गई।
अभियान के दौरान महिलाओं को उनके उत्थान के लिए सरकार द्वारा चलाई जा रही योजनाओं जैसे उज्जवला योजना, आवास योजना, जन-धन योजना, अहिल्याबाई कन्या निःशुल्क योजना, महिल उत्पीड़न से बचाव के लिए वूमेन हेल्प लाइन पावर टीम का गठन, विधवा पेंशन योजना में आयु की बाध्यता समाप्त करने, स्वच्छ भारत मिशन, कौशल विकास मिशन, प्रधानमंत्री मातृत्व लाभ योजना, एन्टी रोमिया स्क्वायड, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ जैसी तमाम योजनाओं के बारे में जानकारी दी गई। महिलाओं को स्वावलम्बी बनाने, स्कूल चलो अभियान के सम्बन्ध में जागरूकता पैदा करना, बाल पुष्टाहार वितरण, आयरन की गोलियां बांटने तथा सरकार द्वारा महिलाओं के लिए संचालित हो रही तमाम योजनाओं की जानकारी दी गई।
जिला पंचायत अध्यक्ष केतकी सिंह ने बतौर मुख्य अतिथि अपने उदबोधन में कहा कि महिलाएं आज के दौर में पुरूषों से किसी भी क्षेत्र में कम नहीं हैं। सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए तमाम योजनाएं चलाई जा रही हैं, जिससे समाज में जागरूकता के साथ साथ महिलाएं आत्म निर्भर भी हो रही हैं। डीएम कैप्टन प्रभान्शु श्रीवास्तव ने एक शेर से शुरूआत करते हुए कहा कि ‘कहां तक चलोगे किसी के सहारे?' उन्होंने इस शेर के माध्यम से महिलाओं को स्वावलम्बी बनने तथा हिम्मत, साहस दिखाने के लिए प्रेरित किया। उन्होंने कामयाबी की मिशाल बन चुकी कई महिलाओं के नाम गिनाकर उदाहरण दिए।
कार्यक्रम का संचालन डा. उमा सिंह द्वारा किया गया। इस दौरान जिला प्रोबेशन अधिकारी जयदीप सिंह, सांसद कैसरगंज प्रतिनिधि, भाजपा महिला मोर्चा की जिलाध्यक्ष मधुबाला वर्मा, अपर मुख्य अधिकारी जिला पंचायत सत्यपाल, जिला कार्यक्रम अधिकारी दिलीप पाण्डेय व ब्लाकों से आई महिलाएं उपस्थित रहीं।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ