काजीदेवर के पूर्व प्रधान समेत तीन लोग नामजद
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। शुक्रवार को बजाज चीनी मिल कुंदुरखी यूनिट में क्षेत्र के कुछ दबंगों की गन्ना महाप्रबंधक से कहासुनी हो गयी। आरोप है कि मिल के महाप्रबंधक गन्ना व वरिष्ठ प्रबंधक गन्ना के सीने पर रिवाल्वर रखकर अपहरण करने की कोशिश की गई।मौके पर मौजूद मिल कर्मचारियों ने बीच बचाव कराया तब मामला शांत हुआ। इस मामले सुरक्षाधिकारी ने थाने में तहरीर दी है।
जिले के मोतीगंज थाना क्षेत्र में स्थित बजाज चीनी मिल कुन्दुरखी के उपप्रबधंक सुरक्षा महेश्वर शर्मा ने पुलिस को दी गई तहरीर में कहा है कि 21 दिसम्बर की रात करीब 9:30 बजे गन्ना महाप्रबधंक योगेन्द्र सिंह व वरिष्ठ प्रबंधक अरुण कुमार सिंह गन्ना विभाग के सामने अपने अधीस्थ कर्मचारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दे रहे थे। इसी दौरान सुशील कुमार शुक्ला व गौरव शुक्ला पुत्रगण परमेश्वर शुक्ला निवासी ग्राम काजीदेवर, तिलकराम दूबे पुत्र अज्ञात निवासी ग्राम चैनवापुर काजीदेवर व दो अन्य अज्ञात लोग सफेद रंग की कार से आए और गन्ना महाप्रबधंक व वरिष्ट गन्ना प्रबधंक के सीने पर रिवाल्वर लगाते हुए साथ लाए हुए वाहन में जबरदस्ती डालने की कोशिश करने लगे। इतना ही नहीं, आरोप है कि उक्त लोगों ने मां-बहन की गाली व जान माल की धमकी देते हुए कहा कि हमारे आदमियों के खिलाफ़ गन्ना खरीदने की रिपोर्ट थाने में दर्ज कराने गये तो जान से मार दूंगा।इसी बीच अपर गन्ना प्रबधंक निखलेश सिंह व सुरक्षा अधिकारी तथा कर्मचारियों ने आकर बीच-बचाव किया।
इस सम्बंध में सीओ मनकापुर एसके रवि ने बताया कि मिल के सुरक्षा प्रबंधक महेश्वर शर्मा द्वारा दी गई तहरीर पर सुशील शुक्ल समेत तीन लोगों के विरूद्ध मारपीट व बलवा की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया गया है।
यूनिट हेड सहित चार अधिकारियों के खिलाफ तहरीर
काजीदेवर निवासी दलित सदाराम सोनकर पुत्र सुरजन सोनकर ने मोतीगंज थाने पर तहरीर दी है जिसमें चीनी मिल के जीएम केन योगेंद्र कुमार सिंह, सुरक्षा प्रबंधक महेश्वर शर्मा, सीनियर केन मैनेजर अरूण सिंह व यूनिट हेड पीएन सिंह सहित करीब 8-10 अज्ञात व्यक्तियों को आरोपित किया गया है। दलित सदाराम द्वारा दी गई तहरीर में कहा गया है कि वह 20 दिसम्बर को शाम करीब 6 बजे से एक ट्रॉली गन्ना लादकर बजाज मिल गेट पर लगभग 24 घंटे पहले से खड़ा था। शुक्रवार को दिन में करीब 11 बजे उसके अरली प्रजाति के गन्ने को रिजेक्ट बताकर वापस कर दिया गया, जबकि मिल प्रशासन की मिलीभगत से किसानों का औने पौने दाम में गन्ना खरीद रहे गन्ना माफियाओं और दलालों की तौल कर ली जाती है। इससे खुलेआम किसानों का शोषण किया जा रहा है।
दलित सदाराम का आरोप है कि 21 दिसम्बर को रात करीब 7-8 बजे किसानों की गन्ना लदी ट्राली मिल कम्पाउंड से जबरन बाहर निकालने लगे। इसी बात को लेकर किसानों द्वारा मिल प्रबंधन व कर्मचारियों का विरोध किया गया, जिससे दोनों पक्षों में हाथापाई शुरू हो गई। पुलिस को दी गई तहरीर में आरोप लगाया गया है कि उसे जाति सूचक शब्दों का इस्तेमाल करते हुए भद्दी भद्दी गालियां दी गयीं और मारापीटा गया। इसकी सूचना तत्काल मोतीगंज थानाध्यक्ष को मोबाइल पर दी गई। इस पर कहोबा चौकी पुलिस मौके पर पहुंची और किसानों के साथ दुर्व्यवहार करते हुए ट्राली सहित मौके से हटा दिया।
पुलिस क्षेत्राधिकारी मनकापुर एसके रवि ने बताया कि मामले की जांच की जा रही है। जांचोपरांत दोषियों के विरूद्ध नियमानुसार विधिक कार्रवाई की जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ