शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़ ! विकास भवन के सभागार में जिलाधिकारी शंभु कुमार की अध्यक्षता में मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान एवं जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि मिजिल्स रूबेला टीकाकरण अभियान जो चलाया जा रहा है उसमे सबसे कम प्रतिशत विकास खण्ड गौरा, लालगंज एवं मान्धाता की है जिसमें मदरसों और स्कूल में टीकाकरण अभियान की प्रगति धीमी है।
जिस पर जिलाधिकारी ने वहां पर उपस्थित सम्बन्धित अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि मदरसों और स्कूलांं में टीकाकरण अभियान की प्रगति बढ़ायी जाये नही तो सम्बन्धित अधिकारी के विरूद्ध कार्यवाही की जायेगी। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जनपद में टीकाकरण का लक्ष्य 1226863 रखा गया था जिसमें से टीकाकरण द्वारा आच्छादित बच्चों की संख्या 696521 है। जनपद में अब तक कुल 56.77 प्रतिशत कैम्प के माध्यम से मिजिल्स रूबेला टीकाकारण किया जा चुका है। जिला स्वास्थ्य समिति की बैठक मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि जिला महिला चिकित्सालय के जननी सुरक्षा योजना में अवशेष कमिटेड लाइवेलिटी के 260 लाभार्थियों के भुगतान लम्बित है जो गैर जनपदीय थे जिसके सम्बन्ध में बताया गया था कि उक्त लाभार्थियों का भुगतान किया जाना सम्भव नही हो रहा है।
अतः यदि आगामी बैठक में पूर्व भुगतान नहीं हो पाता है तो इसे अनकमिटेड कर समाप्त कर दिया जायेगा। उपरोक्त के क्रम में भुगतान न हो पाने के कारण उक्त लम्बित 260 लाभार्थियों के लिये कमिटेड करायी गयी धनराशि के अनकमिटेड कर दिया गया है तथा अब जननी सुरक्षा योजना का कोई कमिटेड भुगतान लम्बित नही है। राष्ट्रीय बधिरता बचाव एवं रोकथाम कार्यक्रम के अन्तर्गत चर्चा की गयी तो बताया गया कि नियमानुसार व्यय हेतु अनुमोदन प्रदान किया गया था जिसके लिये धनराशि प्रस्तावित है। राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के अन्तर्गत ब्लाक स्तर पर तैनात ब्लाक लेखा प्रबन्धक के मानदेय हेतु स्वीकृत धनराशि पर चर्चा की गयी तो बताया गया कि मिशन के अन्तर्गत ब्लाक स्तर पर तैनात ब्लाक लेखा प्रबन्धक का मानदेय बढ़ाया गया है।
बैठक में राष्ट्रीय अन्धता एवं दृष्टिक्षीणता नियंत्रण कार्यक्रम विशेष मोतियाबिन्द पखवाड़ा मनाये जाने के सम्बन्ध में बताया गया कि जनपद के समस्त विकास खण्डों में कैम्प के माध्यम से आयोजन किया जा चुका है। समीक्षा में जिलाधिकारी ने समस्त सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र एवं प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र के अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि एच0आर0पी0 का रजिस्टर अगली बैठक में लेकर अवश्य उपस्थित हो। आयुष्मान भारत के प्रगति के सम्बन्ध में समीक्षा की गयी तो बताया गया कि कुल 17 राजकीय चिकित्सालय एवं 05 निजी चिकित्सालयों को मान्यता प्रदान की गयी है जिसमें अभी तक कुल 21 मरीजों का निःशुल्क ईलाज किया गया है और 701 लाभार्थियों को गोल्डेन कार्ड वितरित किया जा चुका है।
जिलाधिकारी ने समस्त प्रभारी चिकित्साधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि सभी अस्पतालों में किचन की व्यवस्था जरूर होनी चाहिये। अन्त में जिलाधिकारी ने समस्त स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि जो भी कमियां अस्पतालों में पायी जा रही है उसे दुरूस्त करा लिया जाये जिससे मरीजों को किसी भी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े और जो स्वास्थ्य विभाग द्वारा योजनायें संचालित है उसका लाभ उन्हें अवश्य दिया जाये। बैठक में मुख्य चिकित्साधिकारी डा0 ए0के0 श्रीवास्तव सहित सम्बन्धित विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ