रोज हो रहे हादसे, मौनी बाबा बना प्रशासन, जिम्मेदारों ने फेरा मुंह, किसी बड़ी घटना का इंतजार कर रहे जिम्मेदार
अजीज हसन सिद्दीकी
इटियाथोक, गोण्डा। गोण्डा मार्ग पर स्थित बिसुही नदी के पुल के पास नियमित रूप से दुर्घटनाएं हो रही हैं। इस स्थान को इस समय लोगों ने डेंजर जोन मान लिया है, लेकिन इसके निराकरण के लिए प्रशासन कोई ठोस कदम उठाने के बजाय मौनी बाबा बना हुआ है। इस जगह के आस पास रह रहे लोग आए दिन हो रही दुर्घटनाओं से डरे सहमे रहतेे हैं, लेकिन उनकी सुनने वाला कोई नहीं है। प्रशासन के जिम्मेदार अधिकारी आंखेें मूंदे हुए हैं और जनप्रतिनिधि गूूंगे बहरे बनकर कानों में तेेल डाले कुंभकर्णी नींद सोए हुए हैं। लगता है जैसेे इन्हें कोई सरोकार नहीं है।
बताते चलें कि इटियाथोक बाजार में बनी टू लेन सड़क को बिसुही पुल के पास आधी सड़क बनाते हुए छोड़ दिया गया है, जो गन्ना पेराई के चालू सीजन तथा घने कोहरे के कारण दुर्घटनाओं का सबब बना हुआ है। बता दें कि पिछले दिनों गोण्डा से बलरामपुर तक जर्जर हो चुकी सड़क का निर्माण कार्य शासन ने स्वीकृति देते हुए कार्यदायी संस्था एचडीपीएल को सौंप दिया। करोड़ों रूपये इस पर खर्च हुए। निर्माण कार्य भी अपने अंतिम चरण में है, लेकिन कस्बे में नियमित रूप से रोज इसी स्थान पर सड़क दुर्घटनाएं हो रही हैं।
पिछले दिनों इसी स्थान पर गन्ना लाद कर बलरामपुर चीनी मिल जा रहा एक ट्राला पलट गया, जिससे राम उग्गर तिवारी के दरवाजे पर खड़ी इनोवा गाड़ी दब गई। गनीमत रही कि वे गाड़ी खड़ी कर मकान के अंदर जा चुके थे, जिससे बड़ी घटना होने से बच गयी। इसके अलावा इस स्थान पर प्रतिदिन दुपहिया वाहन चालक गिर कर घायल हो रहे हैं। अब तक दर्जनों राहगीर भी हादसों के शिकार हो चुके हैं। मोटरसाइकिल, साइकिल व कार से चलने वाले लोग भी इस जगह अपनी जान जोखिम में डालकर निकलते हैं। वहीं अब तक तमाम लोग हादसे में घायल भी हो चुके हैं। तमाम लोगों की गाड़ियां भी क्षतिग्रस्त हो चुकी हैं।
![]() |
| ग्रामीण / स्थानीय लोग |
इटियाथोक बाजार निवासी लालजी जायसवाल का कहना है कि आधी सड़क ऊँची व आधी नीची होने से लोग अनजाने में यहाँ आकर दुर्घटना का शिकार हो रहे हैं। वहीं रामसुख जायसवाल का कहना है कि हम गाड़ियों से गिरने वाले लोगों को लगभग रोज ही उठाते हैं। किसी किसी दिन तो दिन भर में कई दुर्घटनाएं होती हैं। राजा मुन्ना तिवारी ने कहा कि लंबी दूरी से अच्छी सड़क पर आ रहे वाहन चालकों को अचानक ही खराब सड़क आ जाने का आभास नहीं रहता और वे दुर्घटना का शिकार हो जाते हैं।
मोहम्मद शफीक सिद्दीकी का कहना है कि सड़क निर्माण कर रहे लोगों को अब इस जगह कोई व्यवस्था करते हुए सड़क सही करा देने की जरूरत है। लल्लन खान का कहना है कि लोगों की समस्याओं को जानकर भी अनसुना किया जा रहा है, जो गलत है।
क्या कहते हैं लोनिवि के अधीक्षण अभियंता
इस सम्बंध में लोक निर्माण विभाग के अधीक्षण अभियंता सुल्तान अहमद ने फोन पर बताया कि जहां तक मेरी जानकारी है बिसुही पुल के पास एप्रोच मार्ग पूरा करा दिया गया है। फिर भी यदि वहां कार्य अधूरा है तो विभाग के अवर अभियंता को भेजकर उसकी जांच कराकर निर्माण कार्य को जल्द ही पूरा करा दिया जाएगा।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ