Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

किसानों की समस्याओं को लेकर संवेदनशील है प्रदेश सरकार : केतकी सिंह










जिला पंचायत अध्यक्ष ने रखी गौ आश्रय केन्द्र की आधारशिला
 अपनी सांसद पेंशन से प्रत्येक गौशाला को 50 हजार की सहायता देंगी केतकी सिंह
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। जिले में छुट्टा जानवरों से परेशान लोगों को निजात दिलाने की कड़ी में गुरूवार को ब्लाक कटरा बाजार की ग्राम पंचायत गोड़वा तथा ब्लाक हलधरमऊ की ग्राम पंचायत चकसनिया में बृहद गौशालाओं की आधारशिला रखी गई। जिला पंचायत अध्यक्ष पूर्व सांसद श्रीमती केतकी सिंह, डीएम कैप्टन प्रभान्शु श्रीवास्तव, विधायक कटरा बाजार बावन सिंह तथा सीडीओ अशोक कुमार ने गौ आश्रय केन्द्र का भूमि पूजन कर शिलान्यास किया। 
     





बताते चलें कि आवारा पशुओं की समस्या का संज्ञान लेते हुए प्रदेश सरकार द्वारा प्रदेश के सभी जनपदों में गौ संरक्षण केन्द्र खोले जाने के लिए एक करोड़ बीस लाख रूपए की धनराशि प्रथम किस्त के रूप में सभी जिलों को निर्गत की जा चुकी है। सरकारी जमीनों जैसे चारागाहों पर गौ शालाएं बनवाने का काम शुरू कर दिया गया है। डीएम के निर्देश पर विकास खण्ड कटरा की ग्राम पंचायत गोड़वा में दो सौ बीघा चारागाह जमीन पर तथा हलधरमऊ की ग्राम पंचायत चकसनिया में 80 बीघे चारागाह की जमीन पर गौशाला का निर्माण कार्य शुरू कराया गया है। 








भूमि पूजन और शिलान्यास के बाद आयोजित कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष केतकी सिंह ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों की छुट्टा जानवरों की समस्या को लेकर बेहद गम्भीर है और इस विकट समस्या के निदान के लिए प्रथम चरण में जिले के सभी सोलह ब्लाकों में पशुचर की जमीन पर गौशालाएं बनवाने का काम शुरू किया गया है। जिला पंचायत अध्यक्ष ने घोषणा किया कि वे अपनी सांसद की पेंशन से प्रत्येक गौशाला के लिए पचास हजार रूपए की आर्थिक मदद देंगी। 
    




डीएम कैप्टन प्रभान्शु श्रीवास्तव ने कहा कि छुट्टा जानवरों की समस्या बिना जनसहभागिता के निस्तारित नहीं हो पाएगी। इसमें लोगों को समाज व किसानों के प्रति खुद की भी जिम्मेदारी समझनी होगी। क्षेत्रीय विधायक बावन सिंह ने घोषणा की कि उनके विधानसभा क्षेत्र में खुलने वाली प्रत्येक गौशाला के लिए वे स्वयं पचास हजार रूपए की आर्थिक मदद देंगे। उन्होंने कहा कि सांसद गोण्डा व विधायकों द्वारा किसानों की समस्याओं से अवगत कराने के बाद मुख्यमंत्री द्वारा इस समस्या के समाधान के लिए कदम उठाया गया है और जल्द ही गौ शालाओं का निर्माण कराकर छुट्टा जानवरों की समस्या से किसानों को निजात दिलाई जाएगी। 
     





सीडीओ अशोक कुमार ने पूरी योजना पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए कहा कि गौ आश्रय केन्द्र का निर्माण मनरेगा, कृषि विभाग, पशुपालन विभाग, वन विभाग, क्षेत्र पंचायत व ग्राम पंचायत के संयुक्त सहयोग से कराया जा रहा है। केन्द्र बनने के बाद ग्राम पंचायत स्तर पर कमेटी गठित कर देखरेख सुनिश्चित कराई जाएगी।
      



 शिलान्यास के दौरान एसडीएम करनैलगंज आरके वर्मा, तहसीलदार मिश्री सिंह चौहान, पीडी सेवाराम चौधरी, डीसी मनरेगा हरश्चिन्द्र प्रजापति, बीडीओ अनिरूद्ध सिंह, ब्लाक प्रमुख राजू ओझा, ब्लाक प्रमुख प्रतिनिधि भवानी भीख शुक्ला, पूर्व जिला पंचायत सदस्य नान बच्चा पाण्डेय, भाजपा नेता अर्जुन तिवारी, पूर्व प्रधान राममूर्ति तिवारी सहित अन्य अधिकारी व जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे