अखिलेश्वर तिवारी /वेद तिवारी
बलरामपुर ।। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा सवर्णो को दश प्रतिशत आर्थिक आधार पर आरक्षण की घोषणा के बाद त्वरित गति से लोकसभा में बिल पास कराने के बाद जिला मुख्यालय पहुंचे श्रावस्ती सांसद दद्दन मिश्रा का वीर विनय चौराहे पर जोरदार स्वागत किया गया ।
सामान्य जाति के युवाओं के लिए यह सुनहरा अवसर है जब उनकी लंबे समय से चली आ रही मांग को पूरा किया गया है । सांसद दद्दन मिश्र ने वीर विनय चौराहे पर पहुंचते ही सर्वप्रथम बलरामपुर के गौरव युवाओं के प्रेरणा स्रोत शहीद वीर विनय कायस्था की प्रतिमा पर माल्यार्पण किया । माल्यार्पण के बाद उन्होंने कार्यकर्ताओं तथा वहां मौजूद तमाम लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि यह हम सभी के लिए गौरव का विषय है कि आज प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रयास से सवर्ण जातियों के युवाओं को 10% आरक्षण का लाभ मिलने का अवसर प्राप्त हुआ है ।
लोकसभा में यह बिल उनकी मौजूदगी में पास किया गया और आज राज्यसभा में भी यह बिल पास हो जाएगा । इस बिल के पास हो जाने के बाद अब ऐसे युवा जो मेधावी हैं परंतु सामान्य वर्ग में होने के कारण उन्हें लाभ नहीं मिल पाता था अब उन्हें भी लाभ मिलेगा तथा आगे बढ़ने का मौका मिलेगा जिससे उनकी आर्थिक स्थिति में भी सुधार होगा ।
वीर विनय चौराहे पर मौजूद तमाम भाजपा कार्यकर्ताओं सहित स्थानीय लोगों ने सांसद का जोरदार स्वागत किया तथा प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी व उनके सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया । सांसद ने इसके लिए क्षेत्र की जनता का धन्यवाद दिया और कहा कि उनके आशीर्वाद से ही उन्हें यह कार्य करने का मौका मिला है । उन्होंने सभी से अपील की कि एक बार फिर 2019 के लोकसभा चुनाव में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों को मजबूत कर के मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाएं जिससे कि जो भी कार्य अभी किन्ही कारणवश अधूरे रह जा रहे हैं उन्हें पूरा किया जा सके ।
उन्होंने कहा कि देश के अधिकांश दलों के नेताओं व पार्टियों ने मोदी के विरोध में एकजुटता दिखाई है जिससे अंदाजा लगाना मुश्किल नहीं है कि यह लोग अपनी कुर्सी के लिए किसी भी हद तक गिर सकते हैं परंतु इसका जवाब लोकसभा चुनाव में देश की जनता हर हाल में देगी । मोदी अपने कामों के लिए जाने जाते हैं और भारतीय जनता पार्टी हमेशा अपने सिद्धांतों व कार्यों के लिए ही जानी जाएगी ।प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में अभी देश को काफी आगे ले जाना है । कार्यक्रम स्थल पर बृजेंद्र तिवारी, वरुण सिंह मोनू, विजय गुप्ता व पंकज मिश्रा सहित बड़ी संख्या में कार्य कर्ता व स्थानीय लोग मौजूद थे ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ