ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। पुलिस अधीक्षक राकेश प्रकाश सिंह आज जिले के मोतीगंज थाने का वार्षिक मुआयना करेंगे। इसको लेकर थानाध्यक्ष के साथ ही मातहत भी व्यवस्था चाक चौबंद करने में लगे हुए हैं। वहीं एसपी की मौजूदगी के दौरान थाने में फरियादियों के प्रवेश पर भी पहरा लगा दिया गया है। सिपाही, होमगार्ड तथा कुछ बाहरी लोगों को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है, जो कप्तान से मिलकर न्याय की गुहार लगाने के लिए आने वाले पीड़ितों को किसी भी हाल में थाने के अंदर नहीं जाने देंगे।
एसपी का आज मोतीगंज थाने का वार्षिक मुआयना है। इसे लेकर थाने के पुलिसकर्मी पूरी तरह मुस्तैद हैं। व्यवस्था चाक चौबंद कर ली गई है। अव्यवस्थाओं और खामियों पर पर्दा डाल दिया गया है। सूत्रों के अनुसार थाने के बाहर पुलिस का पहरा लगा दिया गया है, जो थाने में एसपी की मौजूदगी के दौरान फरियादियों को जाने से रोकेंगे।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के मूसापुर गांव का एक मामला है। वहां के एक दलित परिवार का आरोप है कि थाने का एक कांस्टेबल उसके घर आया और उसका बर्तन आदि तोड़फोड़ दिया तथा भद्दी भद्दी गालियां देते हुए शराब बनाने के लिए रूपये की मांग की। मंगलवार को थाने पर एसपी के आने की भनक लगते ही उसने भी साहब से मिलकर सिपाही की गुंडई की शिकायत करने के साथ ही न्याय मुहैया कराए जाने की फरियाद करने की तैयारी कर ली है। हालांकि, इसकी भनक लगते ही उस पर थाने की पुलिस ने पहरा लगा दिया है। ऐसे ही कई अन्य मामले भी हैं, जो आज थाने में एसपी के समक्ष पेश हो सकते हैं, लेकिन इन्हें रोकने के लिए पुलिस ने भी व्यूहरचना कर रखी है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ