सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखा अलावल देवरिया का मामला
पीड़ित बैंक उपभोक्ता ने साइबर क्राइम सेल से की जांच कराने की मांग
ए. आर. उस्मानी / मो. नफीस
गोण्डा। सर्व यूपी ग्रामीण बैंक शाखा अलावल देवरिया से एक खाताधारक के अकाउंट से दो किस्तों में 18 हजार रूपये निकल गये। उपभोक्ता को जब इसका पता चला तो उसके पैरों तले से जमीन खिसक गई। पीड़ित बैंक उपभोक्ता ने उचित कार्रवाई के लिए साइबर क्राइम सेल से जांच कराने की मांग की है।
थाना इटियाथोक के अन्तर्गत ग्राम बैजपुर निवासी कैलाश कुमार पुत्र राम धीरज दिये गये प्रार्थना पत्र के अनुसार उसका अलावल देवरिया स्थित सर्व यूपी ग्रामीण बैंक में खाता नम्बर 9477010014243 संचालित है। कैलाश के अनुसार उसने 5 सितंबर 2018 के बाद बैंक खाते से रूपया नहीं निकाला, जबकि उसके खाते से 17 जनवरी 2019 को 10 हजार व 18 जनवरी 2019 को 8 हजार, कुल मिलाकर 18 हजार रूपये निकल गये।
इसकी जानकारी उसे तब हुई, जब 1 फरवरी 2019 को वह अपने खाते में 20 हजार रूपया जमा करने गया। तब पता चला की उसके खाते से उपरोक्त धनराशि निकल चुकी है। यह जानकर वह अवाक् रह गया। इसकी जानकारी करने के लिए जब शाखा प्रबन्धक से पूछा तो उन्होंने बताया कि आपके द्वारा कहीं आधार कार्ड से निकाला गया है, जबकि उपभोक्ता का कहना है कि उपरोक्त के अलावा कोई पैसा उसने कहीं से भी नहीं निकाला है।
बैंक मैनेजर भी कोई संतोषजनक जवाब नहीं दे रहे हैं। इससे साफतौर पर फर्जी तरीके से मेरे खाते से पैसा निकाला गया है। उसका आरोप है कि बैंक उसके अकाउंट का ब्यौरा नहीं दे रहा है। इससे यह बात साफ है कि बैंक कर्मियों की मिलीभगत है। पीड़ित उपभोक्ता का यह भी आरोप है कि इस धोखाधड़ी में बैंक मैनेजर का हाथ है, क्योंकि वह उसके अकाउंट का ब्योरा देने में हीलाहवाली कर रहे हैं। उसने साइबर क्राइम सेल से जांच कराने की मांग की है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ