शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़ । वरिष्ठ पत्रकार स्व. अरुण कुमार पाण्डेय की तृतीय पुण्यतिथि प्रेस क्लब के तत्वावधान में मनाई गई । इस मौके पर आयोजित श्रद्धांजलि सभा के दौरान उपस्थित लोगों ने स्व. पाण्डेय व पुलवामा में शहीद सैनिकों के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें नमन किया । वक्ताओं ने स्व. पाण्डेय के व्यक्तित्व व कृतित्व पर चर्चा करते हुए पत्रकारिता, शिक्षा, समाज व साहित्य के क्षेत्र में उनके द्वारा किए गए योगदान का उल्लेख किया ।
अध्यक्षता प्रेस क्लब के अध्यक्ष सुनील कुमार सिंह ने व संचालन राजनारायण शुक्ल राजन ने किया । इस दौरान मुख्य अतिथि तथा विभिन्न विधाओं में उत्कृष्ट कार्य करने वाली चार अन्य विभूतियों का सारस्वत अभिनन्दन किया गया । अंत में 2 मिनट का मौन रखकर स्व. पाण्डेय व शहीदों को पुनः नमन किया गया । कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती, स्व. अरुण कुमार पाण्डेय व पुलवामा में शहीद सैनिकों के चित्र के समक्ष अतिथियों द्वारा दीप प्रज्ज्वलन के साथ हुआ ।
साहित्यकार सत्येंद्र नाथ मिश्र मृदुल ने माँ सरस्वती वंदना प्रस्तुत की ततपश्चात कार्यक्रम में मौजूद अतिथियों का स्वागत संयोजक डॉ. अमित पाण्डेय ने किया | मुख्य अतिथि पूर्व सांसद राजकुमारी रत्ना सिंह ने अपने सम्बोधन में कहा कि स्व. अरुण कुमार पाण्डेय ने कार्यकुशलता के चलते पत्रकारिता के क्षेत्र में अपनी अमिट छाप छोड़ी है । वे अल्प संसाधनों के बावजूद 90 के दशक से समाज की मूलभूत समस्याओं को अपनी पत्रकारिता के जरिये उठाते रहे । पत्रकारिता के अलावा शिक्षा व समाजसेवा में भी वे अग्रणी रहे ।
वे अनुकरणीय हैं जिसके लिए उन्हें सदैव याद किया जाएगा । पुलवामा की आतंकी घटना की चर्चा करते हुए उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार को शहीदों की शहादत का बदला अविलंब लेनी चाहिए । उद्घाटन अतिथि व कौशाम्बी प्रभारी ओम प्रकाश त्रिपाठी ने कहा हमारे विद्यालय के अध्यक्ष रहे स्व. अरूण कुमार पाण्डेय पत्रकार होने के नाते पत्रकारों की पीड़ा को समझते थे । इसीलिए उन्होंने पत्रकार कल्याण परिषद के गठन का कार्य किया । पत्रकारिता के जरिये सामाजिक समस्याओं को उठाकर उन्होंने तमाम विसंगतियों को दूर करने का प्रयास किया । युवा पीढ़ी के वे सदैव प्रेरणास्रोत रहेंगे । विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद वरिष्ठ पत्रकार डॉ. शक्ति कुमार पाण्डेय ने स्व. पाण्डेय को नमन करते हुए कहा कि स्वर्गीय अरुण कुमार पाण्डेय जनपद में उस पुरानी पीढ़ी के अन्तिम पत्रकार थे जो मिशन के लिए पत्रकारिता किया करते थे और सामाजिक सरोकार से जुड़े हुए थे। आम आदमी की कठिनाइयों को समझना, शासन-प्रशासन की विसंगतियों को रेखांकित करना और अपने लेखन के माध्यम से सतत सुधारात्मक प्रयास करते रहना यही उनकी पत्रकारिता का मुख्य सूत्र रहा है। निष्पक्षता ही पत्रकारिता का मूल धर्म है। आज के युवा पत्रकार अगर पूर्णतया लेखन नहीं भी कर सकते तो उनको कम से कम उस दिशा में चलने का प्रयास करते रहना चाहिए ।अतिविशिष्ट अतिथि धर्माचार्य अनिरुद्ध रामानुज दास ने कहा कि अरुण पाण्डेय किसानों, गरीबों की आवाज थे । प्रीत पत्रकारिता से सदैव दूर रहकर वे श्रमजीवी पत्रकार के रूप में आपने जनमानस की भावनाओं को अपने समाचार पत्र के द्वारा शासन प्रशासन को अवगत कराते रहें । उन्होंने पत्रकारिता को कभी व्यवसाय नहीं बनाया । आप दयालुता के प्रति मूर्ति थे । समापन अतिथि पूर्व एडीआईओएस डॉ. दयाराम मौर्य रत्न ने कहा कि पं० अरुण कुमार पाण्डेय बहुआयामी व्यक्तित्व के धनी थे । स्वस्थ और खुशहाल समाज के निर्माण में उनका बहुत बड़ा योगदान रहा ।
शिक्षा केन्द्रों के प्रबंधन से उन्होंने ज्ञान का विस्तार किया । पत्रकारिता को सुदृढ़ कर अन्याय एवं अनाचार को मिटाने में अपनी अग्रणी भूमिका निभाई । कृषि और उद्योगधंधों को बढ़ाकर सुख-समृद्धि बढ़ाई । डॉ० रत्न ने बलपूर्वक कहा कि उनके त्यागपूर्ण जीवन से पीढ़ियाँ सदैव प्रेरणा लेती रहेंगी । इस दौरान डॉ. शक्ति कुमार पाण्डेय को पत्रकारिता, डॉ. बी.आर. विश्वकर्मा को शिक्षा, राजेश कुमार पाण्डेय निर्झर प्रतापगढ़ी को साहित्य व आनन्द मोहन ओझा को समाजसेवा के क्षेत्र उल्लेखनीय कार्य करने के लिए संयोजक डॉ. अमित पाण्डेय ने सम्मानित किया ।
स्व. पाण्डेय को वरिष्ठ साहित्यकार संगमलाल भंवर, सुनील प्रभाकर, मीरा त्रिपाठी, अर्चना सिंह, अनूप अनुपम, गजेन्द्र सिंह विकट, प्रेम कुमार त्रिपाठी प्रेम ने अपनी अपनी रचनाओं के माध्यम से श्रद्धांजलि अर्पित की । इस श्रद्धांजलि सभा को यश भारती सम्मान से सम्मानित डॉ. शिवानी मातनहेलिया, राम सेवक त्रिपाठी, चिन्तामणि पाण्डेय, परशुराम उपाध्याय सुमन, अमितेन्द्र श्रीवास्तव, राधेकृष्ण त्रिपाठी, विजय प्रताप त्रिपाठी, सुरेश त्रिपाठी आदि ने संबोधित किया । इस दौरान प्रमुख रूप से संतोष भगवन, गिरिजेश तिवारी, धर्मेन्द्र सिंह, अशोक सिंह, विनय पाठक, प्रेस क्लब के महामंत्री यशवेंद्र सिंह रानू, अमित शुक्ला, संतोष पाण्डेय, विवेक पाण्डेय, ब्रजेश मिश्र, प्रवीण यादव,आर.बी.सिंह, राजेन्द्र पाण्डेय, मनोज रावत, बबलू सिंह, सहित प्रेस क्लब परिवार के सभी सदस्य व पदाधिकारी के अलावा डा. आर.के. विद्यार्थी, डॉ. भवानी सेवक सिंह, रोशनलाल उमरवैश्य, माधो श्याम तिवारी माधव, राकेश कनौजिया, शिवाकांत मिश्र एडवोकेट, राजेश कुमार मिश्र, कपिल द्विवेदी, दिलीप शुक्ला, संतोष त्रिपाठी, शिव मूर्ति त्रिपाठी, नागेंद्र नाथ तिवारी, अरुण प्रताप त्रिपाठी, देवराज सिंह, शशिभाल त्रिपाठी, अजीत प्रताप त्रिपाठी, डा. बी.के. सिंह, परमानन्द मिश्र, ज्ञानेश तिवारी आदि मौजूद रहे । अंत मे सह संयोजक डॉ. अनूप पाण्डेय ने आए हुए अतिथियों के प्रति आभार प्रकट किया ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ