अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर जिला मुख्यालय की कैंसर रोगियों के लिए लगातार कई वर्षो से कार्य कर रहे चर्चित संस्था अल रहमान कैंसर फाउंडेशन तथा राजधानी हॉस्पिटल के संयुक्त तत्वाधान में आज जिला मेमोरियल चिकित्सालय के सामने अल रहमान ईएनटी सेंटर पर निशुल्क कैंसर जांच शिविर आयोजित किया गया ।
शिविर में लखनऊ के कैंसर रोग विशेषज्ञ डॉक्टर मनोज श्रीवास्तव तथा डॉ अनुराग यादव द्वारा 120 रोगियों का परीक्षण किया गया । परीक्षण के उपरांत 90 रोगियों मे कैंसर होने की पुष्टि हुई जिन्हें कैंसर का इलाज कराने की सलाह दी गई ।
कैंसर जांच शिविर के संयोजक ईएनटी सर्जन डॉक्टर अब्दुल कयूम ने बताया कि जांच शिविर प्रारंभ होने से पूर्व विशेषज्ञ डॉक्टर मनोज श्रीवास्तव ने वहां पर मौजूद तमाम मरीजों तथा स्थानीय नागरिकों को कैंसर के लक्षण तथा उसके बचाव के विषय में जानकारी दी । डॉ श्रीवास्तव ने अपने संबोधन में कहा कि कैंसर अब जानलेवा बीमारी नहीं है बशर्ते कि इसका समय से समुचित इलाज किया जाए ।
उन्होंने कहा कि बहुत सारे मरीज कैंसर से पीड़ित अब तक ठीक हो चुके हैं जिनमें कुछ मरीज उन्होंने सामने भी खड़ा कर के उदाहरण दिए । उन्होंने कहा कि कैंसर होने ही ना पावे इसके लिए प्रत्येक व्यक्ति को आपने रहन-सहन और खान-पान में सावधानी बरतना चाहिए । उन्होंने बताया कि कैंसर से बचने के लिए तंबाकू सेवन, धूम्रपान, शराब सेवन अथवा किसी भी प्रकार के तंबाकू से निर्मित पदार्थ या नशीली दवाओं या मादक पदार्थों का सेवन ना करें । उन्होंने कहा कि अपरोक्ष रूप से भी कैंसर होने की संभावना रहती है जिनमें खाने पीने की वस्तुएं भी शामिल हैं ।
विशेष रूप से हरी सब्जियां व फल जिन्हें उगाने से लेकर बाजार तक लाने के बीच तमाम रासायनिक पदार्थों तथा कीटनाशक दवाओं का प्रयोग किया जाता है जो दिखाई तो नहीं देते लेकिन कैंसर के कारण बन सकते हैं । इसके लिए जरूरी है के हम फल तथा सब्जियों को अच्छी तरह धुल कर ही खाएं । उन्होंने यह भी बताया कि बाजार में बिकने वाला चमकीला सेब भी सीधे खाने लायक नहीं होता है उसपर मोम की परत चढ़ाई जाती है जो कैंसर का कारण बन सकता है । इसलिए जरूरी है कि सेब का छिलका उतार कर ही सेवन किया जाए ।
उन्होंने बताया कि कुछ एहतियात बरतने से हम तथा हमारा परिवार इस रोग से बच सकता है । अब यदि किसी को कैंसर हो ही गया है तो उसका समय से इलाज करके भी शत प्रतिशत फायदा लिया जा सकता है । उन्होंने बताया कि कैंसर के कुछ प्रमुख लक्षण भी हैं जिनमें पेट में दर्द रहना, भूख ना लगना, वजन का तेजी से घटना, शरीर में गिल्टी होना, शरीर के किसी भी रास्ते से खून आने जैसे कई लक्षण है जो कैंसर के लक्षण हो सकते हैं परंतु यह जरूरी नहीं कि इन लक्षणों के बाद कैंसर ही हो । इसलिए जरूरी है कि ऐसे लक्षणों के बाद कैंसर की जांच अवश्य करानी चाहिए ।
कार्यक्रम के आयोजक सर्जन डॉक्टर अब्दुल कय्यूम ने वहां मौजूद सभी से अपील की कि आप सभी लोग पान मसाला, धूम्रपान, शराब तथा मादक पदार्थों के सेवन से बचें और जो लोग सेवन कर रहे हैं उन्हें सेवन करने से रोकने का प्रयास करें । इसीलिए उन्होंने रोको और टोको तथा लोगों को रोको अभियान चलाकर लोगों को इस कार्य से रोकने का प्रयास किया जा रहा है । कार्यक्रम के दौरान रोटरी ग्रेटर, रोटरी क्लब, केमिस्ट एंड ड्रजिस्ट एसोसिएशन, फरियाद फाउंडेशन व मेडिकल रिप्रेजेंटेटिव एसोसिएशन के सदस्यों सहित तरुण पांडे, अमरीश शुक्ला, अजीत वर्मा, दीपक श्रीवास्तव, अभिषेक श्रीवास्तव, अशफाक, मसूद, विनीत श्रीवास्तव, आशुतोष शुक्ला, मेहताब, जमील, प्रदीप गुप्ता तथा राजा अग्रवाल का सराहनीय योगदान रहा ।
कार्यक्रम मे कैंसर विशेषज्ञ डॉक्टर मनोज श्रीवास्तव ने वहां मौजूद समस्त मरीजों तथा स्थानीय लोगों को धूम्रपान अथवा किसी भी प्रकार के मादक पदार्थों के सेवन ना करने तथा आसपास के लोगों को कैंसर से बचाव के तरीके बताने एवं लोगों को धूम्रपान व नशा ना करने के लिए प्रेरित करने की शपथ दिलाई ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ