गोण्डा सांसद ने कहा कि अधिकारियों के ट्रांसफर-पोस्टिंग की राजनीति नहीं करता
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। मनकापुर और सदर तहसील में एसडीएम की तैनाती को लेकर चल रही खींचतान से सम्बंधित खबरों को सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने निराधार और विरोधियों की अफवाह फैलाने की साजिश का हिस्सा बताया है।
उन्होंने इस संवाददाता से कहा कि अधिकारियों की तैनाती या स्थानांतरण की राजनीति वे नहीं करते। अधिकारी जनता की समस्याओं को सुनें और उनका समाधान करने के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्रों तक पूरी ईमानदारी तथा पारदर्शिता के साथ पहुंचाएं, यही अपेक्षा रहती है।
गोण्डा सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने 'क्राइम जंक्शन लाइव' ने 3 मार्च को 'मनकापुर में एसडीएम की तैनाती को लेकर मंत्री और सांसद आमने-सामने' शीर्षक समाचार प्रसारित किया था, जिसमें कहा गया था कि एसडीएम की तैनाती को लेकर मंत्री रमापति शास्त्री और सांसद कीर्तिवर्धन सिंह आमने-सामने हैं। सांसद श्री सिंह ने कहा कि वे अफसरों के स्थानांतरण और तैनाती की राजनीति नहीं करते। उनका जोर हमेशा जनता की समस्याओं के समाधान के साथ ही सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं को पात्रों तक पूरी ईमानदारी और पारदर्शिता के साथ पहुंचाने पर रहता है। उन्होंने कहा कि मंत्री रमापति शास्त्री भी इससे दूर रहते हैं।
अपने मनमाफिक एसडीएम की तैनाती की खबरों को उन्होंने सिरे से खारिज करते हुए कहा कि यह सब विरोधियों की साजिश का हिस्सा है। सांसद श्री सिंह ने कहा कि सरकार की लोकप्रियता से विरोधी बौखलाए हुए हैं और वे अनाप-शनाप अफवाह फैलाने का प्रयास कर रहे हैं लेकिन जनता अब उनके बहकावे में आने वाली नहीं है।
उन्होंने कहा कि देश की सुरक्षा से बढ़कर कुछ भी नहीं है। यह बात प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने साबित कर दिया है, जिनके सख्त तेवर के आगे पाकिस्तान ने घुटने टेक दिए। राष्ट्र को ऐसे पराक्रमी देशभक्त की आवश्यकता है, जो देश की आन बान और शान से किसी भी कीमत पर समझौता न करे। देश में एकमात्र राजनेता मोदी जी ही हैं, जिनमें राष्ट्र विरोधी ताकतों को मुंहतोड़ जवाब देने की क्षमता है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ