अवैध असलहे, कारतूस व पशुवध के धारदार हथियार बरामद
पुलिस टीम पर जानलेवा हमला समेत विभिन्न धाराओं में दर्ज हुआ मुकदमा
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। पशु तस्करों ने अपने गोरखधंधे को परवान चढ़ाने का जो नया तरीका अपनाया, उसे जानकर आम आदमी ही नहीं बल्कि पुलिस भी हक्की बक्की रह गई। खरगूपुर पुलिस के हत्थे ऐसा ही रैकेट चढ़ा, जो पड़ोसी जिलों में जाकर छुट्टा पशुओं को चोरी से पकड़कर चार पहिया वाहन पर लादता था और फिर उसका वध करके मांस लेकर फरार हो जाते थे। बहुत ही चतुराई से इस धंधे को अंजाम देने वाला रैकेट आखिरकार तेज तर्रार थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी की गिरफ्त में आ ही गया।
जिले का खरगूपुर इलाका पशु वध जैसी घटनाओं को लेकर हमेशा ही सुर्खियों में रहा है। खरगूपुर थानाध्यक्ष का पदभार ग्रहण करने के बाद ही तेज तर्रार सब इंस्पेक्टर संतोष कुमार तिवारी ने अवैध तरीके से लावारिश पशुओं का वध करने वाले लोगों तथा ऐसे गिरोहों की टोह लेने के लिए मुखबिरों का जाल बिछा दिया। बीती रात उन्हें तब बड़ी सफलता मिली, जब मुखबिर की सूचना पर पुलिस टीम ने एक चौपहिया वाहन से जा रहे लोगों का पीछा किया।
वाहन से पुलिस टीम पर धारदार हथियार व असलहे से जानलेवा हमले का प्रयास किया गया। पुलिस ने दौड़ाकर छह लोगों के साथ ही एक चौपहिया मैक्स वाहन को दबोच लिया। पकड़े गए सभी आरोपियों के विरुद्ध जानलेवा हमला, अवैध शस्त्र अधिनियम सहित अन्य धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
मामला जिले के खरगूपुर थाना क्षेत्र की ग्राम पंचायत लोनावा दरगाह के मजरा अलीनगर का है। बताया जाता है कि बुधवार की रात लगभग साढ़े नौ बजे उक्त गांव निवासी अशफाक कुरैशी पुत्र जब्बार, छैलू उर्फ लाले पुत्र मूसे, मुश्ताक कुरैशी पुत्र निसार अहमद व कमरुद्दीन पुत्र शमसुल्ला एक-एक अवैध असलहा तथा निसार अहमद पुत्र शफी व मुस्तकीम पुत्र भज्जन एक-एक छूरी लेकर एक चौपहिया मैक्स वाहन से पृथ्वीनाथ-आर्यनगर मार्ग की ओर जा रहे थे।
ये सभी अनन्तवापुर गांव के पास पहुंचे ही थे कि इसी बीच मुखबिर की सूचना पर खरगूपुर थानाध्यक्ष संतोष कुमार तिवारी ने मय हमराही उपनिरीक्षक दिनकर शुक्ल, विजय यादव, आरक्षी सुजीत सिंह, अशोक कुमार दूबे, शशांक यादव व शाकिर अली ने उक्त आरोपियों को दौड़ा लिया। पुलिस को अपने पीछे आते देखकर आरोपियों ने जवाब में पुलिस टीम पर हमले का प्रयास किया।पुलिस टीम ने आरोपियों को दौड़ाकर दबोच लिया। तलाशी के दौरान इनके पास से 4 अदद अवैध तमंचा तथा 6 कारतूस के साथ ही दो धारदार औजार बरामद किया गया।
थानाध्यक्ष सन्तोष कुमार तिवारी ने बताया कि उक्त सभी छह आरोपी चौपहिया मैक्स वाहन संख्या यूपी 46 टी 0029 से बलरामपुर, बहराइच व श्रावस्ती आदि जिलों में जाकर लावारिश पशुओं का वहीं वध कर देते थे और उनके मांस को लेकर फरार हो जाते थे। इन लोगों का यह कार्य काफी दिनों से चल रहा था। थानाध्यक्ष श्री तिवारी ने बताया कि पकड़े गए सभी आरोपियों के विरूद्ध पुलिस टीम पर जानलेवा हमला व अवैध शस्त्र अधिनियम आदि की धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कर जेल भेज दिया गया है।



Good cover
जवाब देंहटाएं