13 मार्च को सुबह खरगूपुर क्षेत्र में पति द्वारा की गई थी पत्नी की नृशंस हत्या
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। पत्नी की निर्ममतापूर्ण नृशंस हत्या कर बेटी पर जानलेवा हमला करने के बाद फरार चल रहे आरोपी को खरगूपुर की पुलिस ने हत्या में प्रयोग किए गए बांका के साथ गिरफ्तार कर लिया।इस जघन्य घटना के बाद गांव में लोगों के बीच दहशत का माहौल था। हत्या की घटना को अंजाम देने के बाद फरार हुए आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस अधीक्षक ने 15 हजार रूपये ईनाम घोषित किया था।
हत्या की नृशंस घटना खरगूपुर थाना क्षेत्र के ग्राम बराहेमा के मजरा बड़ेरिया दरगाही की है। वहां के निवासी अलगू चौधरी उर्फ लिचड़ी पुत्र राम कुमार ने बुधवार सुबह पांच बजे चारपाई पर सोते समय बांके से अपनी पत्नी की हत्या करने के साथ ही अपनी करीब 12 वर्षीया पुत्री पर भी जानलेवा हमला कर दिया था। घटना को अंजाम देने के बाद वह हत्या में प्रयुक्त बांका अपने साथ लेकर फरार हो गया था।आरोपी के फरार होने के बाद गांव व आस पास क्षेत्रों में लोगों में भय का माहौल था। हत्या के बाद से ही पुलिस उसकी फिराक में थी। उसकी गिरफ्तारी के लिए थाने की पुलिस के साथ ही क्राइम ब्रांच, सर्विलांस सेल को भी लगाया गया था।
खरगूपुर के थानाध्यक्ष सन्तोष कुमार तिवारी ने बताया कि शुक्रवार सुबह लगभग आठ बजे अलगू चौधरी अपने घर से निकलकर पृथ्वीनाथ-आर्यनगर मार्ग से होते हुए थाना क्षेत्र के पाठक पुरवा गांव के पास कठौवा नहर पुल पर खड़ा था। उन्होंने बताया कि उक्त आरोपी विशेश्वरगंज बहराइच भागने के लिए वाहन का इंतजार कर रहा था, तभी मुखबिर की सूचना पर थानाध्यक्ष श्री तिवारी व उपनिरीक्षक युगराज तिवारी, प्रशांत मिश्र, विजय यादव, आरक्षी राज कुमार, शशांक यादव व अशोक कुमार दुबे ने वहां पहुंचकर उसे दबोच लिया।
थानाध्यक्ष श्री तिवारी ने बताया कि पत्नीहंता आरोपी अलगू चौधरी पर पुलिस अधीक्षक राकेश प्रकाश सिंह ने 15 हजार रूपये ईनाम भी रखा था। उन्होंने बताया कि आरोपी ने अपनी पत्नी की हत्या करने की बात को कुबूला है।उसने कहा कि उसकी पत्नी का चाल चलन ठीक नहीं था। कई बार उसे समझाया, लेकिन उसकी आदतों में सुधार नहीं हुआ। इसलिए क्रोध में आकर उसकी हत्या कर दी थी। बेटी बचाने के लिए दौड़ी थी, इसलिए उसकी उंगली में भी बांका लग गया था। पुलिस ने उसे जेल भेज दिया।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ