Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

काम न करने वाले सांसद की जब्त होगी जमानत : पंडित सिंह






 सपा प्रत्याशी ने सदर विधानसभा क्षेत्र में किया तूफानी दौरा
 मोदी, योगी से लेकर स्थानीय सांसद पर भी साधा निशाना
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। सोमवार की सदर विधानसभा क्षेत्र में पूर्व मंत्री व समाजवादी पार्टी के लोकसभा उम्मीदवार विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंंह ने दर्जनभर से अधिक नुक्कड़ सभाएं आयोजित कर विकास के नाम पर वोट देने की अपील की। उन्होंने गोण्डा सांसद व बीजेपी प्रत्याशी कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया से लेकर मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर भी निशाना साधा। पंडित सिंह ने कहा कि संविधान निर्माता बाबा साहब डॉक्टर भीमराव अंबेडकर ने यह व्यवस्था की थी कि राजा-रानी के वोट की जो कीमत और महत्व है, वही आम आदमी के वोट का भी है। इसलिए अब नेता राजा-रानी के पेट से नहीं, बल्कि जनता के वोट से बनता है।



    गोण्डा लोकसभा सीट से सपा प्रत्याशी पूर्व मंत्री पंडित सिंह का चुनावी जनसंपर्क अभियान तेज हो गया है। सोमवार को उन्होंने सदर विधानसभा क्षेत्र के सैकड़ों गांवों का तूफानी दौरा करने के साथ ही दर्जनभर से अधिक नुक्कड़ सभाओं को भी संबोधित किया। खोरहंसा, बजाज मिल कुंदरखी चौराहा, गप्पीगंज, अकमा आदि स्थानों पर आयोजित कार्यक्रम को उन्होंने संबोधित किया। इस दौरान पंडित सिंह ने अखिलेश सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि अखिलेश जी की सोच प्रदेश का विकास करना है और विकास को देखते हुए ही सपा, बसपा तथा राष्ट्रीय लोकदल का गठबंधन हुआ है। उन्होंने कहा कि सदर विधानसभा क्षेत्र मेरा घर और यहां की जनता मेरे परिवार की तरह है। पंडित सिंह को सदर विधानसभा क्षेत्र की महान जनता ने विधानसभा में भेजा और इन्हीं के आशीर्वाद से मुझे दो बार मंत्री बनाया गया। 


पंडित सिंह ने कहा कि जो नेता जनता का काम और क्षेत्र का विकास नहीं करती है, उसे जनता पटक देती है। यही इस बार गोण्डा लोकसभा सीट पर होने जा रहा है। स्विच ऑफ सांसद कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया को जनता ऐसी पटकनी देगी कि वह राजनीति के साथ साथ विकास और जनता से जुड़ने की परिभाषा भी सीख जाएंगे। उन्होंने क्षेत्रीय जनता से पूछा कि सांसद कीर्तिवर्धन सिंह बीजेपी सरकार में सांसद हैं। बीते पांंच साल में जनता के लिए क्या काम किए ? वोट आपका और राज कीर्तिवर्धन सिंह का, यह नहीं चलेगा। अब जनता के वोट से नेता पैदा होता है, रानी के पेट से नहीं। विकास न करने, मोबाइल स्विच ऑफ रखने और जनता की समस्याओं का समाधान न कराने वाले सांसद की इस चुनाव में जमानत जब्त हो जाएगी। 



यह ऐतिहासिक फैसला गोण्डा लोकसभा सीट की उपेक्षित जनता ने कर लिया है। उन्होंने दावे के साथ कहा कि पंडित सिंह ने आज तक किसी की भी जमीन पर कब्जा नहीं किया है, जबकि गोण्डा के सांसद ने तमाम सरकारी और गैर सरकारी जमीनों पर अपने सत्ता और रसूख के बल पर अवैध कब्जा कर रखा है। लेकिन अब यह बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। जनता ने राजघराने की ज्यादती का मुंहतोड़ जवाब देने का मन बना लिया है और पंडित सिंह हर व्यक्ति के साथ हैं।
    

इस अवसर पर वरिष्ठ सपा नेता एवं काजीदेवर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि शैलेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्बू सिंह विशेन, सदर विधानसभा के पूर्व प्रत्याशी सूरज सिंह, विष्णु दत्त सिंह विसेन, बसपा नेता मोहम्मद जफीर खां, तारिक खां, सगीर खां, सत्य प्रकाश तिवारी बब्बू, कुंदरखी ग्राम प्रधान राजेंद्र यादव, सपा नेता मोनू सिंह सहित बड़ी संख्या में क्षेत्रीय लोग मौजूद रहे।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे