ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र के सपा बसपा गठबंधन प्रत्याशी व पूर्व कैबिनेट मंत्री चंद्रदेव राम यादव ने कहा है कि मुझे कुश्ती का शौक नहीं है और ना मैं कुश्ती की तरफ जनता का ध्यान आकर्षित कर विकास कार्य का पैसा खाने वाला हूं। उन्होंने पत्रकारों से वार्ता करते हुए कहा कि मैं जनता के हित के लिए सरकार से जंग लड़ूंगा।
उन्होंने कहा कि जिले में दो भाजपा के सांसद थे और उनमें अगर दम हो तो विकास के नाम पर वोट मांगें। प्रधानमंत्री के झूठ का सहारा लेकर जनता को गुमराह करना बंद करें। इसके साथ ही पिछले 5 वर्षों में सांसद निधि पर खर्च किए गए पैसे से कराए गए विकास कार्य को जनता के सामने लाएं। उन्होंने जरवल से गोंडा तक बन रही फोरलेन सड़क निर्माण में खुलासा करते हुए कहा कि इस सड़क का निर्माण प्रदेश में समाजवादी पार्टी की सरकार के दौरान मुख्यमंत्री अखिलेश यादव के ड्रीम प्रोजेक्ट में शामिल थी।
उनके द्वारा पैसा भी वह अवमुक्त कर दिया गया था और भाजपा के नेताओं ने सरकार बदलते ही सड़क का निर्माण कार्य रोक दिया। लोकसभा चुनाव में अपनी पीठ थपथपाने के लिए सड़क का निर्माण चालू कराया। यादव ने कहा कि अफवाह फैलाकर उन्हें आजमगढ़ का होना बताया जाता है, मगर हकीकत यह है कि चुनाव जीतने के बाद वे मूलतः गोंडा के निवासी होंगे और करनैलगंज क्षेत्र में ही वह अपना मकान बनाकर रहेंगे जिससे जनता की समस्याओं को सुन सकें। उन्होंने कहा कि करनैलगंज विधानसभा क्षेत्र में पूर्व राज्य मंत्री योगेश प्रताप सिंह के द्वारा कराए गए कार्यों को भाजपा अपना बताकर उसका श्रेय लेने का काम कर रही है।
इस मौके पर उनके साथ पूर्व मंत्री योगेश प्रताप सिंह, करनैलगंज के पूर्व चेयरमैन शमीम अच्छन, समाजवादी पार्टी अल्पसंख्यक सभा के जिलाध्यक्ष फहीम अहमद पप्पू, गणेश पांडेय, अवधेश सिंह राठौर, गिरजा शंकर सिंह सहित तमाम लोग मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ