Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

भाजपा प्रत्याशी राजा भैया - पंडित सिंह पर बोले हमला






 प्रधानों को हराने-जिताने तथा कोटा सस्पेंड और बहाल कराने का काम मैं नहीं करता
 देश की सुरक्षा के लिए नरेंद्र मोदी का दोबारा प्रधानमंत्री बनना जरूरी
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। लोकसभा चुनाव ज्यों-ज्यों नजदीक आ रहा है, त्यों त्यों प्रत्याशियों का तूफानी दौरा परवान चढ़ रहा है। इसी क्रम में सोमवार को गोण्डा से भाजपा के निवर्तमान सांसद व प्रत्याशी  कीर्तिवर्धन सिंह उर्फ राजा भैया ने तय कार्यक्रम के तहत सदर विधानसभा क्षेत्र में करीब आधा दर्जन नुक्कड़ सभाओं को संबोधित किया और देश की सुरक्षा तथा किसानों, गरीबों के हित में नरेंद्र मोदी को दोबारा प्रधानमंत्री बनाने के लिए अपने पक्ष में मतदान की अपील की।
       



सदर विधानसभा क्षेत्र के कुंदरखी चौराहे पर आयोजित नुक्कड़ सभा को संबोधित करते हुए राजा भैया ने अपने प्रतिद्वंद्वी पूर्व कैबिनेट मंत्री व सपा प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह पर सीधा हमला बोला। उन्होंने कहा कि खाता ना बही का जमाना लद चुका है। मोदी और योगीराज में सारे काम नियम, कानून और संविधान के दायरे में होते हैं। इस सरकार में जंगलराज और गुंडाराज नहीं चल सकता। उन्होंने कहा कि जनता ने बड़ी उम्मीद के साथ देश की बागडोर कांग्रेस के हाथों में सौंपी थी, लेकिन वह खरा नहीं उतर सकी और उसका नतीजा आज सबके सामने है।


 उन्होंने कहा कि जब शेर नेतृत्व करता है, तब सियार डर के मारे अपना रास्ता बदल देते हैं। यही हाल विपक्षी दलों का है। नरेंद्र मोदी जैसे शेर को रोकने के लिए सारे विपक्षी दल एकजुट हो गए हैं लेकिन जनता देश के मान-सम्मान और सुरक्षा की खातिर एक बार फिर मोदी जी को प्रधानमंत्री बनाने जा रही है। राजा भैया ने कहा कि देश की सुरक्षा यशस्वी प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ही कर सकते हैं। इसलिए महान जनता देश की बागडोर दोबारा उन्हीं के हाथों में सौंपने जा रही है। पूरे देश में भाजपा की सुनामी चल रही है।



    राजा भैया ने सपा प्रत्याशी पंडित सिंह को आड़े हाथों लेते हुए कहा कि जीते हुए प्रधान को हराने और हारे हुए को जीत का सार्टिफिकेट दिलाने का गोरखधंधा अब नहीं चल पाएगा। आज जो लोकसभा चुनाव में ताल ठोंक रहे हैं, अपनी सत्ता के दौरान उन्होंने ऐसे कारनामे किए हैं जो जगजाहिर है। राजा भैया ने कहा कि हमने कभी भी ओछी राजनीति नहीं की। ग्राम प्रधानों को जिताने और हराने का काम अपने पूरे राजनीतिक जीवन में नहीं किया। कोटा और प्रधानी सीज कराने की भी राजनीति नहीं किया। यही वजह है कि पूरे लोकसभा क्षेत्र में भाजपा की सुनामी चल रही है। इस दौरान सांसद राजा भैया ने भाजपा सरकार की उपलब्धियों का बखान करते हुए कहा कि भाजपा सरकार में सभी भारतीयों का हित निहित है। 


    राजा भैया ने कहा कि गठबंधन प्रत्याशी जनता को बरगलाने के लिए हर हथकंडा अपना रहे हैं, लेकिन इसके बावजूद जनता उन्हें सिरे से नकार देती है। उन्होंने कहा कि वक्त बताएगा कि किसकी जमानत जब्त होगी। कार्यक्रम को सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह, महेश नारायण तिवारी आदि ने भी संबोधित किया।


     इस अवसर पर सदानंद मिश्र बड़े पंडित, मनकापुर भाजपा मंडल उपाध्यक्ष भरत सिंह, ओमप्रकाश वर्मा, आशीष मिश्र, त्रिवेनी लम्बरदार, सत्य प्रकाश मिश्र, ठाकुर अंकित सिंह विसेन, अमी चौधरी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं क्षेत्रीय जनता मौजूद रही।
Tags

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे