कार्ड बांटकर वापस लौट रहे चाचा-भतीजे को ट्रक ने रौंदा
दोनों की मौके पर ही दर्दनाक मौत, ट्रक समेत चालक हुआ फरार
ए.आर. उस्मानी / रियाजुद्दीन
गोण्डा। अपनी शादी का कार्ड बांट कर लौट रहे चाचा व भतीजे की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत हो गई। यह दर्दनाक हादसा नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम महंगूपुर मोड़ के पास हुआ। हादसे की सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला मुख्यालय भेज दिया है।
नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम घोसे तिवारी पुरवा निवासी अली शेर का लड़का चांदू (20 वर्ष) अपने भतीजे कल्लू (12 वर्ष) पुत्र बरकत उल्ला के साथ अपनी शादी का कार्ड बांटने गया था। वापस लौटते समय नवाबगंज थाना क्षेत्र के ग्राम महंगूपुर मोड़ पर कपिल मुनि मन्दिर के पास सामने से आ रहे ट्रक ने चांंदू की बाईक में सामने से टक्कर मार दी, जिससे बाइक चालक सड़क पर गिर पड़ा और ट्रक चालक दोनों को रौंदते हुए भाग गया। स्थानीय लोगों ने हादसे की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही नवाबगंज पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लाश को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
इस सम्बंध में नवाबगंज कोतवाल भानु प्रताप सिंह ने बताया कि मृतक के पटीदार अन्नू पुत्र लाल मोहम्मद की तहरीर पर धारा 279, 304 ए व 184 एमवी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। आगे की कार्रवाई की जा रही है। वहीं हादसे की सूचना मिलते ही मृतक के परिवार में कोहराम मच गया। एक तरफ जहांं चांंदू के परिवार पर आफतों का पहाड़ टूट पड़ा, वहीं चांंदू के ससुराल में शादी की खुशियांं मातम में तब्दील हो गईं। मृतक चांदू तथा उसके होने वाले ससुराल में मातम छाया हुआ है। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। शादीशुदा की सारी खुशियां आंसुओं के सैलाब में बह रही हैं। हर कोई अवाक् है। किसी को भी सहज ही विश्वास नहीं हो पा रहा है कि हंसते हुए जाने वालों की लाश वापस आएगी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ