Type Here to Get Search Results !

Action Movies

Bottom Ad

घर से गायब हुए 5 बच्चों को पुलिस ने कुछ ही घंटों में किया बरामद






अखिलेश्वर तिवारी 
बलरामपुर ।। थाना ललिया क्षेत्र के ग्राम दरगाह पुरवा शिवा नगर में उस समय हड़कंप मच गया जब एक शादी समारोह आयोजित घर से अचानक 5 बच्चे गायब हो गए । घटना रविवार शाम की है जब घर तथा रिश्तेदार के लोग शादी समारोह में व्यस्त थे । 


उसी समय अचानक रहस्यमय तरीके से चार लड़कियां तथा एक लड़का गायब हो गया । रात होने पर जब बच्चों की खोजबीन शुरू हुई तो परिजनों के पैरों तले जमीन खिसक गई । सभी ने बच्चों की खोजबीन शुरू की परंतु कहीं पता नहीं चला । आसपास के घरों था गांव में खोजने का प्रयास किया गया परंतु कहीं कुछ पता नहीं चला । पूरी रात परिजन तथा रिश्तेदार परेशान रहे परंतु कोई शिनाख्त नहीं लगी जिसके बाद सोमवार के सुबह थाना ललिया पुलिस को सूचना दी गई ।
सूचना मिलते ही ललिया पुलिस हरकत में आई और चारों तरफ खोजबीन शुरू की गई । अंततः कुछ ही घंटों में हरैया की ओर जाते हुए बहादुर गंज बाजार से सभी बच्चों को पुलिस ने बरामद कर लिया ।

                 
थाना अध्यक्ष अरविंद कुमार गुप्ता ने बताया की 28 अप्रैल को मोहम्मद जबीउल्ला उर्फ पल्लू के घर शादी समारोह था । तमाम रिश्तेदार व उनके बच्चे भी आए हुए थे । उस समय जब सारे लोग शादी समारोह में व्यस्त थे तभी मोहम्मद जबीउल्ला की 3 लड़कियां रुबीना (8), आसमा (6) व नाजिमा (7) अतिउल्लाह की एक 11 वर्षीय पुत्री ताजरीन तथा तालुकदार का एक पुत्र इरफान (9) घर से गायब हो गए थे । पहले परिजनों ने आसपास तथा रिश्तेदारी में खोजने का प्रयास किया परंतु जब कोई शिनाख्त नहीं लगा तो 29 अप्रैल के पूर्वान्ह मथुरा चौकी पर सूचना दी गई । 


चौकी से सूचना थाने को मिली और तुरंत उन्होंने स्वयं अपने सहयोगी अश्वनी पटेल, सुशील कुमार, माया यादव तथा आरती वर्मा को साथ लेकर बच्चों की खोजबीन शुरू कराई , वहीं चौकी प्रभारी अश्वनी दुबे भी अपने सहयोगियों के साथ आसपास के गांव में खोजबीन शुरू की । आसपास के पोखरे, तालाब तथा नालों में भी तलाश कराई गई परंतु बच्चों का कोई पता नहीं चला जिसके बाद उन्होंने अपनी टीम के साथ हरैया की ओर सर्च करना शुरू किया और हरैया जाते समय बहादुर गंज बाजार के आगे मटेरिया के पास पांचों बच्चों को भटकते हुए पाया गया जिन्हें गाड़ी में बिठाकर थाने पर लाया गया । थाने पर ही परिजनों को बुलाकर सभी बच्चों को उनके सुपुर्द कर दिया गया ।


 बच्चों से पूछताछ के दौरान पता चला यह सभी बच्चे अपने बुआ के घर घूमने के लिए परसिया गांव के लिए निकले थे । परसिया गांव में पहुंचने के बाद बुआ के घर ताला लगा था । उस समय रात काफी हो चुकी थी यह सभी बच्चे अपने बुआ के घर बरामदे में रात भर सोए रहे । सुबह होते ही सभी बच्चे वापस दरगाह पुरवा के लिए निकल पड़े । बच्चों को ठीक से रास्ता जानकारी ना होने के कारण हरैया की ओर जाने लगे । इसी बीच बहादुर गंज बाजार के आगे मटेरिया के पास बच्चों पर पुलिस की नजर पड़ी और उन्हें बरामद कर परिजनों को सुपुर्द किया गया । पुलिस की तत्परता तथा त्वरित कार्रवाई से मिली सफलता की क्षेत्र में चारों ओर चर्चा व प्रशंसा की जा रही है ।

एक टिप्पणी भेजें

0 टिप्पणियाँ

Below Post Ad

Comedy Movies

5/vgrid/खबरे