क्रिटिकल मतदान केन्द्रों पर तैनात किए गए माइक्रो आॅब्जर्बर
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। लोकसभा मतदान को स्वतंत्र और निष्पक्ष ढंग से सम्पन्न कराने के लिए क्रिटिकल व बल्र्नेबल बूथों का चिन्हांकन करने के बाद ऐसे सभी 131 मतदान केन्द्रों पर माइक्रो आॅब्जर्बरों की तैनाती कर दी गई है। मंगलवार को दोनों लोकसभा क्षेत्रों के सामान्य प्रेक्षकों की उपस्थिति में जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर नितिन बंसल के निर्देश पर जिला सूचना विज्ञान अधिकारी गिरीश कुमार ने माइक्रो आॅब्जर्बरों का रैण्डमाइजेशन किया।
जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर बसंल ने बताया कि एसडीएम व पुलिस की संयुक्त रिपोर्ट के बाद दोनों लोकसभा क्षेत्रों में कुल 131 मतदान केन्द्रों को क्रिटिकल मतदान केन्द्र के रूप में चिन्हांकित किया गया है। उन्होंने बताया कि चिन्हांकित सभी 131 मतदान केन्द्रों पर कुल 300 बूथ हैं। निर्वाचन कार्य में कोई भी अराजक तत्व खलल न डाल सके, इसके लिए सभी 131 मतदान केन्द्रों पर मतदान का पर्यवेक्षण करने के लिए 163 माइक्रो आॅब्जर्बरों की तैनाती कर दी गई है। उन्होंने बताया कि ऐसे चिन्हित मतदान केन्द्रों पर सुरक्षा व्यवस्था के भी विशेष प्रबन्ध किए जा रहे हैं। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि चुनाव कार्य में बाधा डालने की कोशिश करने वाले किसी भी दशा में बच नहीं पाएंगे और सख्त से सख्त कार्यवाही होगी। उन्होंने कहा कि चुनाव में निष्पक्ष व पारदर्शिता का ध्यान रखना माइक्रो-आब्जर्वर का दायित्व है। ऐसे में हर मतदान केंद्र पर माइक्रो आब्जर्बर अपनी सक्रिय उपस्थिति के साथ मतदान प्रक्रिया के हर पहलू की रिपोर्ट जिला निर्वाचन अधिकारी तथा प्रेक्षकों को देंगे।
रैण्डमाइजेशन के दौरान सामान्य प्रेक्षक गोण्डा विजय निम्बालकर, सामान्य प्रेक्षक कैसरगंज मधुकर अरदद, प्रभारी अधिकारी कार्मिक/सीडीओ आशीष कुमार, रिटर्निंग आफीसर कैसरगंज आरआर प्रजापति, नगर मजिस्ट्रेट/प्रभारी अधिकारी परिवहन राकेश सिंह, सहायक प्रभारी कार्मिक एवं प्रशिक्षण/पीडी सेवाराम चैधरी एनआईसी सहायक रवि गौड़ व अन्य उपस्थित रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ