सुनील उपाध्याय
बस्ती: प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने बस्ती जिले में विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि महामिलावटी गठबंधन और वंशवाद वाले दिल्ली आने में लगे हैं लेकिन अब इन के लिए दिल्ली दूर है।
बस्ती मंडल के तीन उम्मीदवारों के पक्ष में जनसभा कर रहे प्रधानमंत्री ने कहा कि सपा, बसपा और कांग्रेस में सत्ता के लिए सिद्धान्त रौंदा जाता है। सत्ता के गुणा-गणित में इंसान का ठेका ले लेते हैं। उन्होंने विपक्ष पर जाति समाज की खरीद-फरोख्त का आरोप लगाते हुए कहा कि वे खुलेआम डंके की चोट पर वोट ट्रांसफर करने की बात करते हैं लेकिन नहीं जानते कि जनता उनके झांसे में अब नहीं आने वाली। राजकीय पालीटेक्निक के मैदान में प्रधानमंत्री ने कहा कि इस समय उनके पास दो काम हैं। पहला जनता का धन्यवाद करना है। जिसके चलते वे काम कर पाए। दूसरा जनता का आशीर्वाद मांगना।
प्रधानमंत्री ने कहा कि वह देश के लिए खपने वाले हैं। जनभावना की राजनीति को उन्होंने हमेशा आगे रखा और बल दिया। उनकी सरकार इसी लक्ष्य पर काम कर रही है। 2022 तक हर गरीब को मकान देंगे। उन्होंने कहा समाज का जमीर जग गया है। जनता अब स्वार्थी दलों को मंजूर नहीं करेगी। समाज का जमीर जग गया है। अब नीति और नीयत के आधार पर ही जनता चुनाव करेगी। चार चरणों के चुनाव के बाद विपक्षी एक-दूसरे का गला काटने की बात करने लगे हैं।
23 मई को उनके बीच नई लड़ाई शुरू हो जाएगी। उन्होंने कहा कि वे देश से जाति-पांत के भेद हटाएंगे। एक देश का भाव जगाएंगे। सामाजिक न्याय और समरसता के रास्ते पर आगे बढ़ेंगे। भारत के गुनहगारों पर कार्रवाई हो रही है मोदी ने कहा कि आपका सेवक दुनिया के मंच पर जाता है तो 130 करोड़ की शक्ति का एहसास दिलाता है। पहले पाकिस्तान के नाम पर सरकार रोती थी। आज का वक्त है कि पाकिस्तान रो रहा है। हाल में भारत को आतंकवाद में बड़ी सफलता मिली।
मसूद अजहर को दुनिया की सबसे बड़ी संस्था ने आतंकी घोषित कर दिया है। उसके खिलाफ पाकिस्तान को कार्रवाई करनी पड़ेगी। जनता और शहीद परिवारों के लोग प्रसन्न है। आतंकी कहीं हो घुस कर मारा जाएगा। सपा-बसपा के लोग गली के गुंडों से नहीं लड़ सकते हैं। इंसेफेलाइटिस से गरीब के बच्चे मरते थे। इसकी रोकथाम के लिए प्रदेश सरकार के साथ मिलकर साफ-सफाई से लेकर इलाज तक का इंतजाम किया। पहली बार टीकाकरण में जेई का टीका जोड़ा गया।
आशा, एएनएम और आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के जरिए माताओं के स्वास्थ्य पर नजर रखी जा रही है। आयुष्मान के तहत इलाज की सुविधा मिली। बस्ती में मेडिकल कालेज, गोरखपुर में एम्स, वाराणसी में कैंसर अस्पताल शुरू किया। बस्ती में कई वर्षों से बंद मिल मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के प्रयास से चल गई। किसान के खाते में सम्मान राशि जा रही है। पूरा विश्वास है कि 23 मई को आप सबके समर्थन से केंद्र में फिर एक बार एनडीए की सरकार बनेगी।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ