ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि पिछले पांच वर्षों में केन्द्र में सत्तारूढ़ भाजपा सरकार ने केवल धोखा दिया है और झूठ बोला है।
अब देश की जनता उनसे गिन गिनकर हिसाब लेगी। वे आज गोण्डा संसदीय सीट से पार्टी प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह तथा कैसरगंज से गठबंधन प्रत्याशी चन्द्रदेव राम यादव के समर्थन में आयोजित एक विशाल चुनावी जनसभा को सम्बोधित कर रहे थे।
गोण्डा-अयोध्या हाईवे पर स्थित पराग डेयरी के सामने मैदान में आयोजित विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने सवाल किया कि किसानों को लाभकारी मूल्य देने का वायदा, दो करोड़ बेरोजगारों को नौकरियां देने का वादा, गरीबों के खाते में 15 लाख रूपए का वादा, ये सब कहां गए? उन्होंने कहा कि इसके विपरीत मंहगाई बढ़ी है।
डीजल, खाद आदि की कीमतें बढ़ने से किसान बदहाल हो गए हैं। उपस्थित भीड़ के नारे को सुनकर अखिलेश यादव ने कहा कि आपके जिंदाबाद के नारे और चेहरे की खुशी बता रही है कि गोण्डा से पंडित सिंह और कैसरगंज से चन्द्रदेव राम यादव जीतेंगे। सत्ता की ताकत कोई कितनी भी लगा दे, लेकिन जनता की ताकत हवा उड़ा देगी।
अखिलेश यादव ने कहा कि लोकतंत्र में असली ताकत जनता है। गोण्डा के लोग हिसाब किताब के पक्के हैं। वह सूद-ब्याज समेत हिसाब करना जानते हैं।
उन्होंने कहा कि गठबंधन ने न जाने कितनों की नींद उड़ा दी है। सपा मुखिया ने सवाल किया कि आपके अच्छे दिन आये क्या? दिल्ली वाले गुजरात से चलकर आए। धोखा दिया कि नहीं? साल में कितना झूठ बोला, याद है कि नहीं।
यूपी की जनता ने चाय पर भरोसा किया था। यह नशा उतरा की नहीं। अब वही लोग चैकीदार बनकर आये हैं। इनसे पीछा अब मशीन का बटन दबने से ही छूटेगा।
उन्होंने भाजपा पर निशाना साधते हुए कहा कि जो सरकार छुट्टा जानवरों से जनता की हिफाजत नहीं कर पा रही है, वह आतंकवाद से रक्षा कैसे करेगी। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर छुट्टा घूम रहे सांड़ किसी को मारकर घायल करते हैं तो उसका मुकदमा मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर दर्ज होना चाहिए, क्योंकि उन्होंने छुट्टा पशुओं की समस्या का समाधान करने की कोई ठोस पहल नहीं की।
प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी द्वारा सपा बसपा रालोद गठबंधन को महा मिलावटी कहे जाने पर उन्होंने कहा कि अगर राजनीति में बड़ी मिलावट किसी ने की है, तो वह भाजपा ही है। वह खुद 38 दलों का गठबंधन करके सरकार चला रही है। वाराणसी से सपा प्रत्याशी पूर्व बीएसएफ जवान तेज बहादुर यादव का नामांकन रद्द होने के बारे में अखिलेश ने कहा कि जब एक असली सिपाही चुनाव लड़ने चला गया, तो पूरी सरकार हिल गई और उसका नामांकन रद्द करा दिया गया।
अखिलेश यादव ने हमला बोलते हुए कहा कि भाजपा सरकार गरीबों, किसानों और नौजवानों की नहीं, बल्कि उद्योगपतियों की सरकार है। इस झूठी सरकार को लोग दशकों तक याद रखेंगे। उन्होंने कहा कि मोदी ने आम जनता को झूठ का लालीपॉप दिया है। नोटबंदी और जीएसटी से लोगों का काफी नुकसान हुआ है।
नोटबंदी से अच्छे दिन तो नहीं आए, बल्कि और भी खराब दिन आ गये। लाखों लोगों का रोजगार छिन गया। आतंकवाद-नक्सलवाद की घटनाएं बढ़ रही हैं।
सरकार की गलत नीतियों से हमारे जवान सीमा पर और देश के अंदर शहीद हो रहे हैं। उनसे पूछा जा रहा है कि पांच साल की सरकार में कितने जवान शहीद हुए हैं, तो वह बताने को राजी नहीं हैं।
किसानों की आय को दोगुनी करने का वादा किया था। किसानों की आय दोगुनी नहीं हुई, बल्कि डीजल-खाद महंगा कर दिया गया। यूरिया और डाई की खाद की बोरी से पांच किलो खाद की कालाबाजारी की जा रही है। भ्रष्टाचार कम करने का वादा किया गया था, लेकिन भ्रष्टाचार बढ़ गया है।
हर साल नौजवानों को दो करोड़ रोजगार देने का वादा किया गया था, लेकिन बेरोजगारी बढ़ गई है। उन्होंने चुुुकटी लेते हुए कहा कि बेरोजगार नौजवानों को नौकरी देने के बजाय उनसे पकौड़ा बनाने को कह रहे हैं।
पूर्व मुख्यमंत्री ने योगी आदित्यनाथ को प्रचार मंत्री कहते हुए कहा कि घूम रहे सांड़ को पकड़वा नहीं सकते हैं। उन्होंने कहा कि उनकी सरकार ने 101, 102 और 108 एम्बुलेंस चलाया। सब को बाबा ने बर्बाद कर दिया।
जब 100 नम्बर पुलिस की व्यवस्था दी, तो लोगों की सुरक्षा के लिए अब थानों पर नहीं जाते हैं। वहीं पर ही हिसाब-किताब कर लेते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस और भाजपा दोनों एक जैसे हैं। इन से सावधान रहें। कहा कि नये भारत के लिए नये प्रधानमंत्री बनाये। लोगों से अपील किया कि गोण्डा और कैसरगंज की सीट को जिता देना।
चुनावी जनसभा को गोण्डा लोकसभा प्रत्याशी विनोद कुमार सिंह उर्फ पंडित सिंह, कैसरगंज प्रत्याशी चन्द्रदेव राम यादव, जिलाध्यक्ष महफूज खांं, शैलेंद्र कुमार सिंह उर्फ बब्बू विसेन, पूर्व चेयरमैन कमरूदीन, सपा के वरिष्ठ नेता सगीर उस्मानी, पूर्व विधानसभा प्रत्याशी सूरज सिंह, पूर्व विधायक बैजनाथ दूबे, योगेश प्रताप सिंह, पूर्व राज्यमंत्री राम बहादुर सिंह, एमएलसी रणविजय सिंह, मस्तराम यादव आदि ने भी संबोधित किया।
इस अवसर पर विष्णु दत्त सिंह विशेन, प्रधान संघ के पूर्व अध्यक्ष मनोज कुमार द्विवेदी गुड्डू, मेडिकल कॉलेज संघर्ष समिति के अध्यक्ष अविनाश सिंह, समाजसेवी श्रेयांश द्विवेदी, सगीर खां के साथ ही सपा व बसपा के तमाम वरिष्ठ पदाधिकारी मौजूद रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ