ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। बसपा के तरबगंज विधानसभा प्रभारी रामनाथ भारती पर बीती रात उस समय जानलेवा हमला कर दिया गया जब वह गठबंधन प्रत्याशी चंद्रदेव राम यादव का बस्ता बांट रहे थे। आरोप है कि असलहों से लैस दबंगों ने ना सिर्फ उन्हें बुरी तरह मारापीटा बल्कि जबरन अपनी गाड़ी में बैठाकर साथ लेकर चले गए और करीब दो घंटे बाद छोड़े।
जानकारी के अनुसार बहुजन समाज पार्टी के तरबगंज विधानसभा प्रभारी रामनाथ भारती शनिवार की रात करीब आठ बजे तरबगंज क्षेत्र के सिंगहा चंदा गांव में कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी चंद्रदेव राम यादव का बस्ता देने गये थे। इसी बीच असलहों से लैस कुछ लोग वहां पहुंचे और भारती को मारना पीटना शुरू कर दिए। दबंगों ने बसपा प्रभारी की बुरी तरह पिटाई करने के बाद अपनी गाड़ी में बैठा लिया और साथ लेकर चले गए। इस घटना की सूचना बसपा नेताओं को दी गई। सूचना मिलते ही बसपा लोकसभा प्रत्याशी चंद्रदेव राम यादव समेत पार्टी के तमाम नेता मौके पर पहुंचे।
बसपा जिलाध्यक्ष तिलकराम भारती ने बताया कि करीब तीन घंटे तक बसपा विधानसभा प्रभारी को गायब किए रहे। गंभीर हालत में उन्हें रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। उन्होंने बताया कि इस घटना के सम्बंध में नामजद तहरीर दी जाएगी। बसपा नेता पर जानलेवा हमले की घटना से सपा व बसपा कार्यकर्ताओं में काफी रोष व्याप्त है। इस घटना के मद्देनजर प्रशासन भी अलर्ट हो गया है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ