ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। शनिवार की शाम बसपा के तरबगंज प्रभारी रामनाथ भारती को बनगांव में बूथ कार्यकर्ता से मिलने, अपहरण कर मारपीट करके घायल करने के प्रकरण में नया मोड़ आ गया है। पुलिस ने बसपा नेता के विरूद्ध मतदाताओं को पैसा बांटने और लालच देने के आरोप में मुकदमा दर्ज करते हुए गिरफ्तार कर लिया है।
अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि मतदाताओं को पैसा बांटने, लोगों को लालच देने के आरोप में बसपा नेता रामनाथ भारती को चुनाव आचार संहिता के दुरूपयोग में गिरफ्तार किया गया है। उन्होंने बताया कि मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जा रही है। फिलहाल रामनाथ को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां अभी होश नहीं आया है।
बहुजन समाज पार्टी के जिलाध्यक्ष के अनुसार तरबगंज विधानसभा प्रभारी रामनाथ भारती शनिवार की रात करीब आठ बजे तरबगंज क्षेत्र के में कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र से पार्टी प्रत्याशी चंद्रदेव राम यादव का बस्ता देने गये थे। इसी बीच असलहों से लैस कुछ लोग वहां पहुंचे और भारती को मारना पीटना शुरू कर दिए। दबंगों ने बसपा प्रभारी की बुरी तरह पिटाई करने के बाद अपनी गाड़ी में बैठा लिया और साथ लेकर चले गए। इस घटना की सूचना बसपा नेताओं को दी गई।
करीब तीन घंटे तक बसपा विधानसभा प्रभारी को गायब किए रहे। गंभीर हालत में उन्हें रात में ही जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका इलाज चल रहा है। इस घटना में सबसे बड़ी और महत्वपूर्ण बात यह है कि बसपा प्रत्याशी की ओर से किसी के विरूद्ध कोई लिखित शिकायत नहीं की गई है, जबकि एक नाटकीय घटनाक्रम में पुलिस ने घायल बसपा नेता के विरूद्ध मतदाताओं को पैसा बांटने, लालच देने तथा आदर्श चुनाव आचार संहिता का उल्लंघन करने का मामला दर्ज किया है। अपर पुलिस अधीक्षक ने बताया कि आरोपी बसपा नेता को हिरासत में ले लिया गया है।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ