ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। गोण्डा और कैसरगंज लोकसभा क्षेत्रों में तमाम पोलिंग बूथों पर ईवीएम की खराबी के चलते मतदान बाधित रहा। इस दौरान मतदान करने आए लोगों की सुरक्षा कर्मियों से नोकझोंक भी हुई। कैसरगंज क्षेत्र के बूथ संख्या 394 पर ईवीएम में आई तकनीकी खराबी के कारण प्रदेश के कैबिनेट मंत्री रमापति शास्त्री, सांसद व भाजपा प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह तथा गोण्डा सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह को भी करीब आधा घंटा तक लाइन में खड़ा रहना पड़ा। खराबी की सूचना मिलते ही प्रशासन ने प्रभावित बूथों पर दूसरी मशीन की व्यवस्था कराई, तब जाकर मतदान शुरू हो सका।
रविवार को सुबह सात बजे मतदान शुरू होते ही जिला निर्वाचन अधिकारी डॉक्टर नितिन बंसल व पुलिस अधीक्षक राकेश प्रकाश सिंह ने शहर के शहीदे आजम सरदार भगत सिंह इंटर कालेज, लाल बहादुर शास्त्री महाविद्यालय व गांधी विद्या मंदिर इंटर कालेज समेत कई बूथों का निरीक्षण किया।
दोनों अधिकारियों ने कार्मिकों को पूरी मुस्तैदी बरतने के निर्देश दिए। डीएम ने लोगों से व्यवस्था के बाबत जानकारी ली। जिला निर्वाचन अधिकारी डॉ. नितिन बंसल का कहना है कि शांतिपूर्ण मतदान के लिए पोलिंग बूथों पर पर्याप्त व्यवस्था की गई है।
मतदान शांतिपूर्ण तरीके से चल रहा है। माकपोल के समय सुबह कुछ स्थानों पर ईवीएम में खराबी की समस्या हुई थी, जिसे तत्काल दूर करा दिया गया है। डीएम ने बताया कि मशीनें रिजर्व में रखी गई हैं। समस्या होने पर उन्हें तत्काल बदला जा रहा है। डीएम ने बताया कि सुबह नौ बजे तक करीब 10 प्रतिशत मतदान हो चुका है।
पुलिस अधीक्षक राकेश प्रकाश सिंह ने बताया कि मतदान को शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पोलिंग बूथों पर पर्याप्त संख्या में पुलिस बल का तैनाती की गई है। इसके अलावा मोबाइल टीमें भी लगातार भ्रमण कर रही हैं। उन्होंने बताया कि जिले भर में शांतिपूर्वक मतदान हो रहा है।
इन बूथों पर ईवीएम खराबी से बाधित रहा मतदान
कैसरगंज लोकसभा क्षेत्र की तरबगंज विधानसभा में बूथ संख्या 394 पर ईवीएम खराब होने से प्रदेश के समाज कल्याण मंत्री रमापति शास्त्री, प्रत्याशी बृजभूषण शरण सिंह व सदर विधायक प्रतीक भूषण सिंह पोलिंग बूथ पर मतदान के लिए इंतजार करते रहे। ईवीएम मशीन खराब होने से यहां करीब आधा घंटे तक मतदान बाधित रहा। इसी तरह शहर के रानीपुरवा पोलिंग बूथ पर बूथ संख्या 96, 97, 98 पर मशीनें खराब रहीं। यहां करीब एक घंटे तक मतदान बाधित रहा। मतदान को लेकर यहां सुरक्षाकर्मियों व मतदाताओं में नोकझोंक भी हुई। इसके अलावा वीरपुर विशेन,नौबरा व मनकापुर विधानसभा की बूथ संख्या 7 और 174 की ईवीएम भी खराब मिली। सदर विधानसभा की टिकरिया की ईवीएम मशीन खराब रही। कटरा विधानसभा के जटपुरवा मतदान केंद्र पर ईवीएम की खराबी के कारण 40 मिनट मतदान रहा बाधित रहा। गोण्डा लोकसभा के गौरा विधानसभा के भवाजितपुर के बूथ संख्या 262 की ईएमवी मशीन खराब होने के चलते सुबह आठ बजे के बाद मतदान शुरू हो सका।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ