घटना से नाराज वर पक्ष ने किया शादी से इंकार
डायल 100 टीम के अथक प्रयास से जुड़ने से पहले टूटने से बचा रिश्ता
रंजना पाण्डेय
गोण्डा। धानेपुर थाने की डायल 100 की पीआरबी 0867 को बीते सोमवार की रात रामपाल वर्मा पुत्र रामफेर वर्मा निवासी पूरे तेंदुआ खास थाना धानेपुर ने सूचना दी कि उसकी लड़की की शादी तुलसीराम वर्मा के लड़के बृजेश कुमार निवासी बगुलही थाना धानेपुर से आज संपन्न हो रही है। वर पक्ष द्वारा नाच एवं नौटंकी देख कर सभी लोग मनोरंजन कर रहे हैं।
उसी दौरान गांव के कुछ मनचले लोगों द्वारा आए हुए बरात के लोगों के साथ गाली गलौज एवं मारपीट की घटना नाच देखने को लेकर हो गयी है। मारपीट में वर पक्ष से दूल्हा बृजेश कुमार वर्मा को कान पर चोटें आई हैं।
डायल 100 टीम को बताया गया कि उसके चाचा सकट राम वर्मा पुत्र राम कृपाल वर्मा को मुंह पर एवं लड़के के पिता एवं भाई को सिर पर चोटें आई हैं। बारात में भगदड़ मच गई है। इसलिए पुलिस सहायता की सख्त जरूरत है।
इस सूचना को डायल 100 की पीआरबी 0867 की टीम के सदस्य सीपी डी.एन. सिंह प्रभारी एचसीपी जयराम यादव, चालक एचजी राम ललन तिवारी ने स्थिति की नजाकत एवं गंभीरता को समझते हुए तीव्र गति से मौके पर पहुंचकर देखा कि यहां पर 80 और 90 के दशक का बारात का सीन चल रहा है। बारात में हुई अफरा-तफरी को डायल 100 टीम के सदस्यों ने अपनी सूझबूझ से रोका और सभी लोगों को समझा बुझाकर शांत किया। बारातियों में सुरक्षा का विश्वास जगा कर आश्वस्त किया।
तत्पश्चात वर पक्ष के घायल दूल्हा बृजेश कुमार वर्मा, तुलसीराम वर्मा, सकट राम वर्मा को आनन-फानन में डायल 100 के वाहन से ही प्राथमिक उपचार हेतु सीएचसी रेहरा बाजार पहुंचाया गया। दूल्हा बृजेश कुमार वर्मा के स्वस्थ होने के बाद पुनः पूरे तेंदुआ खास लाकर छोड़ा।
इस घटना से वर पक्ष ने वधू पक्ष को शादी करने से मना कर दिया। इससे वधू पक्ष के तरफ मातम फैल गया, लेकिन डायल 100 के सीपी डीएन सिंह ने बताया कि बड़े ही सूझबूझ, तर्क पूर्ण बातों से वर पक्ष को सामाजिक परिदृश्य को समझाते हुए अंततः टूटने की कगार पर पहुंच चुके रिश्ते को जोड़ने में कामयाबी मिल गयी। इसके बाद शादी सकुशल संपन्न हो गई।डायल 100 टीम के प्रभावी एवं कुशलता पूर्ण नेतृत्व से दो परिवारों में संबंध पुनः जुड़ गया। इससे आम जनमानस में मुक्त कंठ से डायल 100 टीम के सीपी डी. एन. सिंह और उनके सहयोगियों की प्रशंसा हो रही है।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ