तहसीलदार को सौंपा ज्ञापन, वकील के घर हुई चोरी के खुलासे की मांग
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। करनैलगंज पुलिस की कार्यशैली से क्षुब्ध अधिवक्ताओं ने तहसील में विरोध प्रदर्शन करते हुए जमकर नारेबाजी किया। तहसील संघ भवन में अध्यक्ष सत्यनरायन सिंह की अध्यक्षता में एक बैठक आयोजित हुई। बैठक को सम्बोधित करते हुए त्रिलोकी नाथ तिवारी ने कहा कि बीते 3 अप्रैल को ग्राम बसालतपुर निवासी अधिवक्ता अमरेश चौबे के यहां लाखों रुपये की चोरी हुई थी,
मगर अब तक पुलिस के हाथ चोरों तक नहीं पहुंचे। उन्होंने कहा कि कोतवाली पुलिस अपराधियों पर अंकुश लगा पाने में पूरी तरह विफल है। निरंकुश चोर, बदमाश आये दिन चोरी व लूट जैसी घटनाओं को अंजाम दे रहे हैं लेकिन पुलिस घटनाओं का पर्दाफाश करने के बजाय उसे ठंडे बस्ते में डालने का पूरा प्रयास करती है।
बीते 6 मई को एक ही रात्रि में चार घरों में चोरी, 4 दिन के अंदर दिन दहाड़े हुई दो लूट की घटनाएं पुलिस की कार्यशैली उजागर कर रही हैं। मंत्री धर्मेंद्र कुमार मिश्र, हृदयनरायन मिश्र, चंद्रप्रकाश तिवारी, गोपालजी तिवारी, पवन कुमार शुक्ल एवं सुरेंद्र कुमार द्विवेदी सहित कई अन्य अदिवक्ताओं ने बैठक को सम्बोधित किया। उसके बाद एक साथ बाहर निकलकर तहसील प्रांगण में अधिवक्ताओं ने प्रदर्शन करते हुये नारेबाजी करना शुरू कर दिया, जो करीब एक घण्टे तक लगातार चलता रहा। अंत में नायब तहसीलदार शिवदयाल तिवारी को अधिवक्ताओं ने अपनी मांग का ज्ञापन सौंपा जिसमें कहा गया है कि यदि अधिवक्ता अमरेश के यहां हुई चोरी का दो दिन में पर्दाफाश नहीं किया गया तो वे 17 मई को राष्ट्रीय राज्यमार्ग जाम कर देंगे। उसके बाद क्रमिक अनशन सहित अन्य आंदोलन किया जायेगा।
इस अवसर पर प्रताप बली सिंह, अवधराज सिंह शुक्ल, शिवशंकर उर्फ मून मिश्र, बाबादीन मिश्र एवं रामबाबू पांडेय सहित भारी संख्या में अधिवक्ता शामिल थे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ