अखिलेश्वर तिवारी /वेद मिश्र
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर की प्रतिष्ठित बलरामपुर चीनी मिल समूह के कमर्शियल एडवाइजर एवं अधिशासी अध्यक्ष को आज चीनी मिल परिसर में आयोजित विदाई समारोह के दौरान तमाम अधिकारियों व कर्मचारियों के द्वारा भावभीनी विदाई दी गई । कार्यक्रम में मौजूद अधिकारियों कर्मचारियों तथा श्रमिक प्रतिनिधियों ने अधिशासी अध्यक्ष नरेश कुमार खेतान का माल्यार्पण करने के बाद मोमेंटो तथा अंग वस्त्र भेंट कर सम्मानित किया । उस समय मौजूद सभी लोगों की आंखें नम दिखाई दी ।
जानकारी के अनुसार नरेश कुमार खेतान बलरामपुर चीनी मिल में वित्त नियंत्रक के पद से अपने कार्यकाल की शुरुआत वर्ष 1989 में की थी । 30 वर्ष के अपने लंबे कार्यकाल के दौरान उन्होंने सभी के दिलों को जीत लिया था । उन्होंने अपनी कड़ी मेहनत लग्न तथा ईमानदारी के बल पर उत्तरोत्तर प्रगति करते हुए मिल के सर्वोच्च पद तक का सफर तय किया । उन्होंने अभी हाल ही में त्यागपत्र देकर सभी को असमंजस में डाल दिया है । मिल के किसी भी कर्मचारी या अधिकारी में अभी कल्पना भी नहीं की थी कि इतनी जल्दी श्री खेतान मिल से अपनी सेवाएं समाप्त करेंगे । कारण चाहे जो भी रहा हो उनका जाना सभी के लिए काफी कष्ट कारक सिद्ध हो रहा है ।
इसमें कोई शक नहीं की उन्होंने अपने कार्यकाल के दौरान बलरामपुर चीनी मिल में कार्यरत अधिकारियों कर्मचारियों के दिलों पर तो राज किया ही है, उन्होंने मिल परिसर से बाहर सामाजिक क्षेत्र मे कार्य करने वाले लोगों, राजनेताओं, किसानों व तमाम किसान प्रतिनिधियों के बीच भी अच्छी पैठ बनाई थी । शायद यही कारण है कि उनके जाने से हर तरफ असमंजस के साथ गम का माहौल दिखाई दे रहा है ।विदाई समारोह को संबोधित करते हुए तमाम वक्ताओं ने उनके कार्यकाल को काफी सराहनीय व कर्मचारियों के हित में बताया। श्री खेतान ने अपने संबोधन में कर्मचारियों से तथा अधिकारियों से अपील की और सुझाव भी दिया कि बिना किसी टकराव के मिल को उत्तरोत्तर आगे बढ़ाने में अपना योगदान देते रहें । समस्याएं आना स्वभाविक है परन्तु समस्याओं का निदान मिल बैठकर कर लेना बुद्धिमानी है, जैसा कि उन्होंने अपने कार्यकाल में किया भी है ।
उन्होंने कर्मचारियों से धैर्य बनाए रखते हुए पूरे लगन और मेहनत से ईमानदारी पूर्वक कार्य करते रहने की अपील की । अल्लाहू अकबर ने कहा कि अनुशासन बनाए रखने के लिए कई बार निलंबन पत्र भी दिया होगा, कुछ बातें भी कहीं होंगी,
उससे अगर किसी को ठेस पहुंची है तो उसके लिए उन्हें क्षमा करेंगे । समारोह में संबोधित करने वालों में श्रमिक नेता इंद्र बहादुर सिंह उर्फ मुन्ने भैया, शिव प्रताप सिंह, जय प्रकाश सिंह, बैरिस्टर सिंह, मंगल प्रसाद शर्मा व शिव बक्श सिंह सहित कई अन्य कर्मचारी नेता शामिल थे ।सभी ने उनके जाने पर दुख व्यक्त करते हुए उनके स्वस्थ रहने तथा दीर्घायु होने की कामना की ।
कार्यक्रम का भावपुर्ण संचालन महाप्रबंधक विधि एवं कार्मिक राजीव अग्रवाल द्वारा किया गया जिन्होंने अपने संचालन के दौरान बीच में भावपूर्ण छंदों द्वारा अभिवादन भी किया ।विदाई समारोह के दौरान महाप्रबंधक फाइनेंस बीएन ठाकुर, वेलफेयर ऑफिसर एसपी सिंह, चीफ सिक्योरिटी ऑफीसर आरसीएस बघेल, श्रमिक प्रतिनिधि सुभाष पांडे, कमलेश शुक्ला, संजय तिवारी, ए पी तिवारी व वेद प्रकाश मिश्र सहित बड़ी संख्या में अधिकारी तथा कर्मचारी मौजूद थे ।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ