आलोक बर्नवाल
संतकबीरनगर। संचारी रोग से होने वाली मौतों में कमी लाने के लिए पूरे प्रदेश में व्यापक व्यापक अभियान चलाया जाएगा। इसके साथ ही जापानी इंसेफेलाइटिस से अति प्रभावित गोरखपुर और बस्ती मण्डल में एक और अभियान चलेगा, जिसे ‘दस्तक’ नाम दिया गया है। स्वास्थ्य कर्मी और सहयोगी संस्थाएं अपने कार्यक्षेत्र के अन्तर्गत आने वाले घरों में जाकर विभिन्न माध्यमों से लोगों को जागरुक करेंगी। यह अभियान आगामी 10 जून से 25 जून तक चलेगा।
सीएमओ डॉ हरगोविन्द सिंह ने बताया कि चिकित्सा व स्वास्थ्य महानिदेशक ने समस्त जनपदों के मुख्य चिकित्साधिकारियों को इस आशय का पत्र भेजा है। इस निर्देश के तहत वर्ष 2019 का यह दूसरा अभियान पूरे 75 जनपदों में चलेगा। वहीं बस्ती व गोरखपुर मण्डल के 7 जिलों संतकबीरनगर, सिद्धार्थनगर, बस्ती, महराजगंज, कुशीनगर, देवरिया व गोरखपुर जो जापानी इंसेफेलाइटिस व एईएस से काफी प्रभावित हैं, वहां पर इसके साथ ही दस्तक कार्यक्रम भी चलेगा। इसकी तैयारियों को ध्यान में रखते हुए जिलाधिकारी की अध्यक्षता में 27 मई को दिन में 11 बजे जिलाधिकारी सभागार में अन्तर्विभागीय बैठक का आयोजन किया गया है। इसमें सभी सम्बन्धित विभागों के अधिकारियों और कर्मचारियों को पूरी कार्ययोजना के साथ सम्मिलित होना अनिवार्य है।
कुल 10 विभाग होंगे अभियान में शामिल
इस अभियान में चिकित्सा व स्वास्थ्य विभाग के अतिरिक्त नगर विकास विभाग, पंचायती राज व ग्राम्य विकास विभाग, जल निगम, पशुपालन विभाग, महिला व बाल विकास विभाग, शिक्षा विभाग, चिकित्सा शिक्षा विभाग, दिव्यांग जन सशक्तिकरण विभाग, समाज कल्याण विभाग , कृषि व सिंचाई विभाग तथा सूचना विभाग शामिल होंगे। सभी विभागों के लिए अलग - अलग कार्ययोजनाएं भेजी गई हैं, साथ ही उनकी भूमिका व उत्तरदायित्व का भी निर्धारण किया गया है।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ