सुनील उपाध्याय
बस्ती । भारतीय किसान यूनियन मण्डल अध्यक्ष सुभाष चन्द्र किसान, जिलाध्यक्ष राम मनोहर चौधरी के नेतृत्व में भाकियू पदाधिकारियों के एक प्रतिनिधिमण्डल ने गुरूवार को जिलाधिकारी माला श्रीवास्तव को गन्ना मूल्य भुगतान, अतिवृष्टि से हुये नुकसान के मुआवजे, फसल बीमा, किसान समस्याओं से सम्बंधित 6 सूत्रीय ज्ञापन देकर प्रभावी निस्तारण की मांग किया।
भाकियू जिलाध्यक्ष ने प्रेस को जारी विज्ञप्ति के माध्यम से बताया कि जिलाधिकारी ने समस्याओं को गंभीरता से सुना और शीघ्र निस्तारण का आश्वासन दिया।
6 सूत्रीय ज्ञापन में वाल्टरगंज, रूधौली अठदमा, बभनान और मसौधा चीनी मिलों पर 2 अरब रूपये से अधिक के बकाये का व्याज सहित भुगतान कराने, अतिवृष्टि के कारण धान बीज, रोपे हुये धान के नष्ट हो जाने का मुआवजा दिलाने, बैंको द्वारा अवैध रूप से की जा रही इंपेक्शन चार्ज, प्रोसेसिंग चार्ज, वकील के फीस आदि के नाम पर उगाही बंद किये जाने, हर्रैया तहसील क्षेत्र के कल्याणपुर, सहजौरा पाठक, मुंडेरीपुर सहित अनेक गांव जो सरयू के कटान के शिकार हैं, बंधा बनवाकर कटान रोकवाने, ग्रामीण अंचलों में बढा हुआ विद्युत दर वापस लेकर कृषि कार्य हेतु निःशुल्क बिजली दिये जाने, जन आन्दोलनों में भाकियू पदाधिकारियों पर दर्ज मनगढन्त फर्जी मुकदमों को वापस लिये जाने आदि की मांग शामिल है।
ज्ञापन सौंपते समय प्रतिनिधि मण्डल में जयराम वर्मा, डा. आर.पी. चौधरी, रामचन्दर सिंह, नायब चौधरी, कन्हैया प्रसाद किसान, त्रिवेनी चौधरी, राममहीपत चौधरी, सत्यराम, हृदयराम वर्मा, द्वारिकानाथ पाण्डेय के साथ ही भाकियू के अनेक पदाधिकारी शामिल रहे।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ