खोरहंसा चौकी क्षेत्र के पूरे तिवारी गांव का मामला
देहात कोतवाली पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा
ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। कुवैत में नौकरी कर रहे एक व्यक्ति की पत्नी को घर आने जाने वाला एक व्यक्ति जबरन उठा ले गया। साथ ही जेवरात, मोबाइल व नगदी भी बटोर ले गया। इसकी खबर मिलने पर गांव पहुंचे पति ने कोतवाली में नामजद तहरीर दी, जिसके आधार पर कोतवाली देहात पुलिस ने आरोपी के विरूद्ध मुकदमा दर्ज कर लिया है।
मामला कोतवाली देहात की खोरहंसा चौकी क्षेत्र के पूरे तिवारी गांव का है। यहां के निवासी अन्नू की शादी खोड़ारे थाना क्षेत्र के मोल्हीपुर गांव की नूरी के साथ हुई थी। बताया जाता है कि शादी के कुछ दिनों बाद अन्नू कुवैत कमाने चला गया जिससे नूरी को विदेशी पैसा मिलने लगा। अंधाधुंध रूपये मिलते ही उसके अरमानों को पंख लग गये। धीरे धीरे गांव के एक व्यक्ति का उसके यहां आना जाना शुरू हो गया। बताते हैं कि कुवैत में रह रहे अन्नू को इस मधुरता की भनक तक नहीं लगी।
इसी बीच 13 जुलाई 2019 को नूरी घर से गायब हो गई। यह खबर जब कुवैत में अन्नू को मिली तो वह गांव पहुंचा और कोतवाली देहात में गांव के ही सद्दाम पुत्र पीर अली के खिलाफ तहरीर दी जिसमें आरोप लगाया है कि उसकी कमाई हड़पने के लिए सद्दाम नूरी को जबरदस्ती उठा ले गया है। अन्नू ने दी गई तहरीर में आरोप लगाया है कि सद्दाम सोने की दो जोड़ी माला, सोने की झुमकी, एक हार, 65 हजार रूपये नगद व एक मोबाइल भी उठा ले गया है।
इस सम्बन्ध में कोतवाल देहात राजनाथ सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। शीघ्र ही आरोपी की गिरफ्तारी कर ली जाएगी।



एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ