अखिलेश्वर तिवारी
बलरामपुर ।। जनपद बलरामपुर के कोतवाली उतरौला क्षेत्र में चौकी महादेइया अंतर्गत ग्राम भयकडीह कटरा गिद्धौर में आज दिन में विद्युत करंट लगने से मां बेटी की दर्दनाक मौत हो गई । घटना के बाद गांव में कोहराम सा मचा हुआ है । हालांकि अभी तक लाश को पीएम के लिए नहीं भेजा गया है ।
मिली जानकारी के अनुसार भयकडीह कटरा गिद्धौर निवासी मिश्रीलाल के घर में विद्युत कनेक्शन लिया गया था । कनेक्शन का विद्युत केबिल विद्युत पोल से उसके घर के अंदर टीना के बने बरामदे से होकर गुजर रहा था । टीना के ऊपर केविल कहीं कटा था जिससे टीना में विद्युत करंट फैल गया उसी के नीचे लगे लोहे के दरवाजे पर भी करंट पहुंच गया । गुरुवार के दिन में मिश्रीलाल की पत्नी मालती (५२) नहाने के बाद ज्यों ही घर के अंदर घुसी और दरवाजे पर हाथ रखा विद्युत करंट की चपेट में आई और वहीं पर गिर गई । मां को गिरा देख खाना बना रही मीना (21) दौड़ के मां को बचाने आई और वह भी विद्युत करंट की चपेट में आ गई तथा वहीं गिर गई ।
घटना की सूचना मिलते ही गांव के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए । दोनों को पास के चिकित्सालय में पहुंचाया गया जहां पर डाक्टरों ने मृत घोषित कर दिया । घटना के बाद से ही गांव में कोहराम मचा हुआ है । मृतका मीना की शादी पास के गांव पुरैना कानूनगो में कुछ ही दिनों पहले हुई थी । उसके 9 माह की एक बच्ची भी है तथा उसका पति मुंबई में रह रहा है । प्रभारी निरीक्षक कोतवाली उतरौला अवधेश कुमार राय का कहना है कि मृतका मीना के पति का इंतजार घरवाले कर रहे हैं । घटना की सूचना मिली है परंतु उसके आने के बाद ही अग्रिम कार्रवाई की जाएगी । अभी तक लाश पीएम के लिए नहीं भेजा गया है ।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ