शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़ | नगर क्षेत्र स्थित करनपुर के साईं धाम से धूमधाम से गाजे बाजे के साथ साईं की शोभायात्रा निकाली गई। महिलाओं ने बीच-बीच में शोभायात्रा रोक कर साईं पर पुष्पवर्षा की और पूजन किया। यात्रा शहर का भ्रमण करने के बाद शोभायात्रा करनपुर लौटी।
तीन दिवसीय साईं महोत्सव की शुरुआत साईं धाम करनपुर में गुरुवार को अखंड रामचरित मानस पाठ से हुई थी। शुक्रवार को रामचरित मानस पाठ का समापन होने के बाद हवन हुआ। अंतिम दिन शनिवार दोपहर श्रद्धालुओं ने साईं की शोभायात्रा निकाली। इससे पूर्व साईं धाम पर पालकी सजाने के बाद साईं को उसमें बिठया और धाम के संस्थापक मंजीत सिंह ने विधिवत पूजन के बाद शोभायात्रा को रवाना किया। सबसे आगे भक्ति गीत पर झूमते-गाते श्रद्धालुओं की टोली चल रही थी।
इसके पीछे श्रद्धालु साईं का जयकारा लगा रहे थे और सबसे अंत में पालकी में सवार साईं व पालकी पकड़कर चल रहे दर्जनों श्रद्धालु थे। शोभायात्रा में शामिल श्रद्धालु पालकी छूने को लालायित दिखे। सबका प्रयास यही था कि अधिक समय तक पालकी पकड़कर चलें। करनपुर से निकाली गई शोभायात्रा पीडल्यूडी कार्यालय, ट्रेजरी चौराहा, भंगवा चुंगी, बाबागंज, चौक, श्रीराम तिराहा, राजापाल चौराहा होते हुए साईं धाम करनपुर लौटी।
एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ