शिवेश शुक्ला
प्रतापगढ़। घुइसरनाथधाम पहुॅचकर मन्दिर में जलाभिषेक कर डीएम मार्कण्डेय शाही व एसपी अभिषेक सिंह ने पूजा अर्चना की। जिलाधिकारी ने श्रावण मास के पावन पर्व पर शिवालयों में काफी संख्या में श्रद्धालुजन/कांवरिया के आवागमन पर की जाने वाली तैयारियों एवं आवश्यक विधि-व्यवस्था सुनिश्चित कराये जाने के लिये सम्बन्धित विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिये।
उन्होने जिला पंचायत राज अधिकारी को निर्देशित करते हुये कहा कि मन्दिर परिसर में व उसके आस-पास की सफाई की व्यवस्था बेहतर ढंग से की जाये व रोस्टर के हिसाब से सफाई कर्मियों की ड्यिटी लगायी जाये। घुइसरनाथधाम मन्दिर के बगल नदी में जहां पर लोग भारी संख्या में स्नान करते है वहां पर वैरीकेडिंग की व्यवस्था अनिवार्य रूप से सुनिश्चित की जाये जिससे कि श्रद्धालु स्नान के समय गहरे पानी में न जाये और किसी प्रकार अप्रिय घटना से बचा जा सके और वैरीकेडिंग के आस-पास नाव व गोताखोर भी अनिवार्य रूप से तैनात किये जाये।
जिलाधिकारी ने कहा कि पर्व के दौरान यहां पर अनिवार्य रूप से चिकित्सा विभाग के डाक्टर व उनके स्टाफ अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। इसी प्रकार विद्युत विभाग के अधिकारी को निर्देशित किया गया कि विद्युत आपूर्ति की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये व स्नान घाट पर एल0ई0डी0 बल्ब लगाने की व्यवस्था की जाये जिससे आस-पास का वातावरण प्रकाशमय बना रहे। पुलिस अधीक्षक ने पुलिस विभाग के अधिकारियों को निर्देशित करते हुये कहा कि अत्यधिक भीड़ की दशा में रूट डायवर्जन किया जाये व श्रद्धालुजन को पंक्तिबद्ध कर जलाभिषेक कराने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाये जिससे श्रद्धालुजन को जलाभिषेक करने में किसी भी प्रकार की कठिनाई का सामना न करना पड़े।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ