ए. आर. उस्मानी
गोण्डा। शराब के नशे में धुत्त एक कलयुगी पुत्र अपनी मां की जान लेने पर आमादा था। वह बुजुर्ग मां को बड़ी ही बेरहमी से मारपीट रहा था। इसकी सूचना उसके भाई ने डायल 100 को दी। सूचना मिलते ही पीआरवी 0873 की टीम तत्काल मौके पर पहुंची और महिला की पिटाई कर रहे उसके पुत्र को पकड़कर थाने ले आयी।
मोतीगंज थाना क्षेत्र के बेसहूपुर गांव निवासी पवन पुत्र पेशकार ने यूपी डायल 100 को सूचना दी कि उसकी वृद्ध मां को उसका भाई सुशील बुरी तरह मारपीट रहा है। वह शराब के नशे में धुत है। इवेंट नंबर 6652 पर मिली सूचना पर पीआरवी 0873 टीम के एसआई देवेन्द्र नाथ पाण्डेय साथी चालक एचजी माता प्रसाद मिश्र के साथ तत्काल मौके पर पहुंचे, तो देखा कि नशे में धुत सुशील वृद्ध महिला को बड़ी ही बेरहमी से मार रहा था। महिला के हाथ पर कई जगह चोटें आईं थीं। यह देखकर डायल 100 टीम ने सुशील को दबोच लिया। उसके साथ ही कालर पवन तथा उसकी मां को भी तहरीर देने के लिए थाने पर ले आयी और प्रभारी निरीक्षक के सुपुर्द कर दिया।
वृद्ध महिला के बड़े बेटे पवन ने बताया कि यदि तत्काल डायल 100 टीम मौके पर न पहुंची होती तो उसका भाई मां की हत्या भी कर सकता था। वह पूरी तरह नशे में धुत्त था। ऐसी स्थिति में कोई भी बड़ी घटना को अंजाम दे सकता था। पवन व उसकी माता के साथ ही गांव वालों ने भी डायल 100 पीआरवी 0873 टीम का आभार व्यक्त करते हुए सराहना की।


एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ