■ विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों पर गृहभ्रमण के उपरान्त ली गई सुपोषण की शपथ
■ ऊपरी आहार थीम पर आधारित पोषण माह के पहले सप्ताह चलीं विविध गतिविधियां
आलोक बर्नवाल
संतकबीरनगर। सुपोषण की शपथ के साथ पोषण माह के पहले सप्ताह पुरुष भागीदारी सप्ताह का समापन शनिवार को हुआ। इस दौरान जिले के विभिन्न आंगनबाड़ी केन्द्रों पर गृहभ्रमण के पश्चात सुपोषण की शपथ ली गई। ऊपरी आहार थीम पर आधारित पोषण माह के पहले सप्ताह विविध गतिविधियों का आयोजन किया गया।
जिला कार्यक्रम अधिकारी सुश्री विजयश्री के निर्देशन में चल रहे पोषण माह के पहले सप्ताह पुरुष भागीदारी सप्ताह के अन्तिम दिन सुपोषण की शपथ ली गई। बेलहर ब्लाक के सीडीपीओ अनुज तथा बघौली के सीडीपीओ वीरेन्द्र तिवारी तथा अन्य सुपरवाइजरों के निर्देशन में हर आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर सुपोषण की शपथ ली गई। इस दौरान आंगनबाड़ी केन्द्रों की मातृ समितियों के साथ ही ग्राम समितियों की बैठक की गई। बैठक के पश्चात सभी ने वहां से जाकर घर घर भ्रमण किया तथा बच्चों को उपरी आहार देने के लिए प्रोत्साहित किया गया। अन्त में सभी आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों के साथ ही समितियों से जुड़ी महिलाएं गृहभ्रमण के बाद वापस केन्द्र पर पहुंचीं तथा वहां पर जाकर सभी ने सुपोषण की शपथ ली और समाज को सुपोषित करने का नारा लगाया। इस दौरान विभिन्न केन्द्रों पर यूपीटीएसयू के पोषण विशेषज्ञ अजिथ रामचन्द्रन भी पहुंचे। साथ ही पोषण सखियों ने गांवों में पहुंचकर आंगनबाड़ी केन्द्रों का अनुश्रवण किया तथा सुपोषण को लेकर अपनी भूमिका का निर्वहन भी किया।
पुरुष भागीदारी सप्ताह में हुई विविध गतिविधियां
पुरुष भागीदारी सप्ताह के पहले दिन जहां वजन दिवस का आयोजन किया गया। वहीं दूसरे दिन सुपोषण दिवस आयोजित करके ग्राम प्रधान की अगुवाई में पोषण पर चर्चा हुई। पुस्तिका के अनुसार उपरी आहार के बारे में लोगों को बताया गया। तीसरे दिन स्कूल, आंगनबाड़ी केन्द्र के प्रांगण में उद्यान विभाग तथा परिवार के पुरुष सदस्यों के सहयोग से पोषण बाटिका बनाई गई। चौथे दिन सुपोषण स्वास्थ्य मेंले में स्थानीय फल सब्जी से बने व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। साथ ही हैण्डवाश को लेकर साफ सफाई के प्रति जागरुक किया गया। पांचवे दिन बचपन दिवस को बाल सुपोषण उत्सव के रुप में मनाया गया। जिसमें 6 माह से लेकर 6 साल के बच्चों का सामूहिक भोज आयोजित किया गया। ब्लाक स्तरीय पोषण समिति ने छठवें दिन पोषण को लेकर वर्कशाप आयोजित किया तो सप्ताह के अन्तिम दिन आंगनबाड़ी केन्द्र स्तर पर सुपोषण की शपथ ली गई।

एक टिप्पणी भेजें
0 टिप्पणियाँ